हिमाचल में भारी बारिश का कहर जारी है। भारी बारिश के चलते शुक्रवार देर रात बनाला के पास पहाड़ी दरकने से चंडीगढ़-मनाली एनएच करीब 13 घंटे तक बाधित रहा।
इससे सुंदरनगर तक 70 किमी के दायरेे में जगह-जगह लंबा जाम लग गया। रात करीब 11 बजे बड़ी-बड़ी चट्टानें और टनों के हिसाब से बनाला के पास सड़क पर मलबा आ गिरा। जाम लगने से हजारों मुसाफिर बीच रास्ते में फंस गए। हाईवे सुबह 11:30 बजे तक बहाल हो सका।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने मनाली और कुल्लू से आने वाले वाहनों को वाया बजौरा-कटिंढी लिंक मार्ग से मंडी, चंडीगढ़ या पठानकोट की तरफ भेजने की व्यवस्था की, जबकि चंडीगढ़ से आने वाले वाहनों के पहिये रात भर थमे रहे।
भारी ट्रैफिक को देखते हुए पंडोह और सुंदरनगर में गाड़ियों को रोक दिया। कई मुसाफिरों ने होटलों में पनाह ली तो कुछ ने वाहनों में रात काटी। इससे एचआरटीसी कुल्लू की चार वोल्वो सहित एक एसी व एक साधारण बस पूरी रात भर फंसी रही। दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार व शिमला जाने वाली वोल्वो व बसों में 200 से अधिक सवारियों को भूखे-प्यासे बसों में रात गुजारनी पड़ी।
बड़ी-बड़ी चट्टानें तोड़ने के लिए ब्रेकर का प्रयोग किया गया। भारी-भरकम मशीनरी के बावजूद रोड बहाल करने में समय ज्यादा लगा। इस दौरान कुछ एंबुलेंस भी फंसीं रहीं। रोगियों को स्ट्रेचर से अस्पतालों तक पहुंचाना पड़ा।