हिमाचल में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। कुल्लू के बाशिंग में ब्यास नदी में दो बच्चे बह गए हैं जबकि रामपुर में बादल फटने से पशगांव नाले में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। यहां बिजली गिरने से मासूम बच्ची समेत दो लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।मंडी का हणोगी माता मंदिर भवन चट्टानें गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया है।
पहाड़ी से गिरी चट्टानें भवन की दीवार को तोड़कर अंदर घुस गई है। चंबा की लुड्डू पंचायत में जमीन खिसकने से दो मंजिला मकान ध्वस्त हो गया है। सूबे में मूसलाधार बारिश से ब्यास, सतलुज, रावी समेत अन्य नदियां और नाले उफान पर है। जगह-जगह भूस्खलन से दर्जनों संपर्क मार्ग घंटों बंद रहे।
हमीरपुर के नादौन में अवैध खनन करते एक ट्रैक्टर ब्यास में बह गया है। तीन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। रामपुर की फांचा पंचायत के पशगांव नाले में बादल फटने से लकड़ी के तीन पैदल पुल और चार घराट बह गए हैं। सड़क बहने से आधा दर्जन गांव देश-दुनिया से कट गए हैं।
बिजली के पोल बहने से पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल है। फोन डेड हा गए हैं। दो मकानों में मलबा घुस गया है। उधर, सरस्वती विद्या मंदिर बाशिंग में छठी कक्षा में पढ़ने वाले दोनों बच्चों की तलाश में रविवार को सर्च ऑपरेशन भी चलाया लेकिन उनका कहीं कोई अता-पता नहीं है।
शनिवार शाम तीन बच्चे ब्यास में नहाने गए थे। दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। लापता छात्रों की पहचान सातवीं कक्षा के रंजन कुमार और आठवीं कक्षा के आशीष निवासी बाशिंग के रूप में हुई है। भुंतर, औट तथा पंडोह पुलिस थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है चंडीगढ़-मनाली एनएच पर मंडी-कुल्लू की सीमा पर नगवाईं में हणोगी मंदिर के मुख्य द्वार को तोड़ती हुई चट्टान अंदर जा घुसी। एक चट्टान साथ लगते भवन को तोड़कर अंदर जा पहुंची। जूस बार और कैंटीन को काफी नुकसान हुआ है।