जयराम सरकार में तीन नए मंत्रियों ने गुरुवार को राजभवन में एक सादे कार्यक्रम में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने तीनों को मंत्री पद पर की शपथ दिलाई। सबसे पहले पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने शपथ ग्रहण की।
उसके बाद नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया और घुमारवीं से विधायक राजेंद्र गर्ग को मंत्री पद पर की शपथ दिलाई गई। नवनियुक्त मंत्रियों को कमरे अलॉट कर दिए गए हैं। राकेश पठानिया पठानिया E-321, सुखराम चौधरी G-21 और राजेंद्र गर्ग E-212 में बैठेंगे।
राजभवन का शपथ ग्रहण कार्यक्रम पीटरहॉफ में वेबकास्ट हुआ। पीटरहॉफ में जिंदाबाद के नारों के साथ मंत्रियों का स्वागत किया गया। पीटरहॉफ में प्रेस वार्ता में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्रियों के पोर्टफोलियो बदलने की संभावना है।
इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 के 11 मंत्री मेरी रुचि के हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार मानसून सत्र देरी से होगा। नवनियुक्त मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि जो भी विभाग मिलेगा उसमें बेहतरीन काम करेंगे।
राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। सचिवालय में तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बावजूद कार्यालय बंद न करने पर भड़के कर्मचारियों ने वीरवार सुबह साढ़े दस बजे मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। कर्मचारी अपनी शाखाओं से बाहर आए और नारेबाजी करने लगे। कर्मचारियों ने इलर्जली बिल्डिंग बंद न करने पर रोष जताया। सचिवालय में सैनिटाइजेशन नहीं होने और गेट पर एंट्री के समय सख्ती नहीं बरतने को लेकर भी विरोध जताया। कर्मचारियों ने दो दिन के लिए सचिवालय को बंद करने की मांग की। कई कर्मचारियों ने सचिवालय में कोरोना है लिखी तख्तियां गले में पहनकर प्रदर्शन किया। अफसरशाही पर भी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।