हिमाचल में मौसम रोजाना नए रंग दिखा रहा है। पर्वतीय क्षेत्र रोहतांग में जहां गुरुवार को ताजा बर्फबारी हुई, वहीं ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। बारिश की चेतावनी के बीच राजधानी शिमला में गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी ही हुई। पारा चढ़ने के साथ ही प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में उमस बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। दस से बारह जून तक दोबारा बारिश होने का पूर्वानुमान है। रोहतांग में बर्फबारी के बीच लोगों ने खूब मौज मस्ती की।
सैलानियों की आमद बढ़ने से मनाली के साथ रोहतांग की वादियां गुलजार हो गई हैं। शिमला में गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे। सुबह के समय शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। हमीरपुर जिला के कई हिस्सों में भी गुरुवार सुबह बूंदाबांदी हुई।
मैदानों में तपती गर्मी से निजात पाने के लिए शिमला पहुंचे सैलानियों के लिए गुरुवार की सुबह राहत भरी रही। सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे। सुबह के समय शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया। दोपहर पौने 12 बजे के करीब शहर के कई इलाकों में फिर से बारिश हुई। मौसम के रुख में आए बदलाव के बाद सैलानियों ने रिज मैदान पर ठंडी हवाओं का जम कर लुत्फ उठाया।
तेज गर्मी की मार झेल रहे लोगों को इससे राहत मिली है। सिरमौर के ऊपरी क्षेत्रों में भी सुबह के समय हल्की बारिश हुई। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 42.2, कांगड़ा में 37.1, बिलासपुर में 37.0, हमीरपुर में 36.7, चंबा में 36.6, सुंदरनगर में 35.5, नाहन में 34.2, भुंतर में 32.2, सोलन में 31.0, शिमला में 24.5, डलहौजी में 22.8, कल्पा में 17.0 और केलांग में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वीरवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया।