पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को अपने पुराने मिग 21 से मारने वाले विंग कमांडर अभिनंदन की वीर गाथा से न केवल देश की जनता, बल्कि विश्व भी परिचित हो गया है।
पाकिस्तान की सेना की गिरफ्त में होने के बावजूद भी देश के वीर योद्धा ने जिस प्रकार अपने मानसिक संतुलन और बहादुरी का परिचय दिया। उस बहादुरी की हर तरफ न केवल प्रशंसा हो रही है, बल्कि अभिनंदन युवाओं के रोल मॉडल भी बन गए हैं।
टीवी पर लगातार आ रही वीर योद्धा अभिनंदन की फोटो देख कर युवा भी अब उनकी मूंछों से प्रभावित होकर उसी स्टाइल में अपनी मूंछें रखने के दीवाने हो गए हैं।
गगरेट के कारोबारी विपुल ठाकुर ने तो अभिनंदन की रिहाई के दिन ही जश्न मनाते हुए अपनी मूंछों का स्टाइल हूबहू विंग कमांडर अभिनंदन की मूंछों की तरह रख लिया। वहीं अब और युवा भी सैलून में जाकर अपनी अभिनंदन स्टाइल की मूंछें रख रहे हैं।
दर्शन मनकोटिया ने भी विंग कमांडर अभिनंदन की शान में उनके जैसी मूंछें रखी हैं। युवाओं में प्रणव, अरविंद, राजेंद्र, संजय शर्मा, अतुल कालिया, विकास विक्की, संजीव पराशर, इंद्रजीत सिंह के अनुसार, वह अपने देश की खातिर भले ही वायु वीर अभिनंदन की तरह न कर पाएं। लेकिन उनके देश प्रेम के जज्बे को वह सदैव सलाम करते रहेंगे व उनकी मूछें देश की शान के रूप में एक अलग पहचान बनाएंगी।