मुख्यमंत्री पद के लिए जयराम ठाकुर के नाम की घोषणा होते ही पूरा हिमाचल जश्न में डूब गया। पटाखे, आतिशबाजी फूटना शुरू हो गई। आजादी के बाद पहली बार जिला मंडी ऐतिहासिक पलों का गवाह बना है। यहां से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने जयराम के नाम की सीएम पद पर घोषणा के साथ ही जिले समेत पूरा प्रदेश जश्न में डूब गया।
सियासी चालबाजियों के इतिहास की काली छाया इस बार मंडी जिले पर नहीं पड़ी। विधानसभा चुनाव 2017 में सबसे अधिक सीटें लेने की अग्निपरीक्षा में सफल रहे मंडी जिले को केंद्र ने सीएम की कुर्सी तोहफे में दी है। मंडी से सीएम का होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। लिहाजा रविवार को जयराम ठाकुर के सीएम बनने की घोषणा से जनता फूली नहीं समाई।
शिमला से लेकर मंडी और सिराज में दीवाली जैसा माहौल हो गया। सराज से पांच बार भाजपा के लिए जीत का परचम फहराने वाले सीएम जयराम को जयश्रीराम के नारों से छोटी काशी गूंजायमान हो उठी। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे ही मंडी में पर्व सा माहौल हो गया। पार्टी के बैनर और झंडे लिए लोग सड़कों पर निकल पड़े।
पटाखे, आतिशबाजी फूटना शुरू हो गई। बाजारों में मिठाइयां बंटने के साथ पारंपरिक गीतों की थापों पर समर्थक झूमते नजर आए। खास बात यह रही कि सीएम बनने के इस जश्न में न केवल पार्टी कार्यकर्ता बल्कि आम जनता भी शामिल हुई। वहीं काफी संख्या में समर्थक तीन दिन से शिमला में ही डेरा डाले हुए हैं। सीएम के पद की घोषणा होने के बाद गाड़ियों के काफिले वापस निकले।
आजादी के बाद आखिरकार मंडी जिले के लोगों की मन की मुराद पूरी हो गई है। जयराम ठाकुर के सीएम बनने पर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में हर्ष है। कार्यकर्ताओं ने मिठाई और पटाखे फोड़कर एक दूसरे को बधाई दी। पूरे करसोग क्षेत्र में एक दूसरों को बधाइयां मिलने लगीं। सिराज विस क्षेत्र करसोग के साथ लगता है। करसोग से नंद लाल, यशवंत, मस्त राम, मीन चंद, राजेंद्र कुमार, कृष्ण लाल, संयम गौतम, दयाल ठाकुर, सतीश आदि का कहना है कि ठाकुर जय राम और भाजपा प्रत्याशी हीरा लाल को अगुवाई में करसोग क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत लिखी जाएगी। विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।