सनातन धर्म सभा शिमला की ओर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी का 133वां वार्षिक उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंगलवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन व शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शोभा यात्रा सनातन धर्म गंज मंदिर, भगत सिंह रोड, लोअर बाजार से होते हुए उपायुक्त कार्यालय और फिर वापस मंदिर पहुंची। मंगलवार सुबह पौने 12 बजे गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान ठाकुर जी की पालकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे खड़े रहे।
Krishna Janmashtami Utsav: शिमला में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, निकली भव्य शोभा यात्रा, देखें शानदार तस्वीरें
यात्रा के दौरान पूरे बाजार में भगवान शिव का तांडव और पंकज पार्टी द्वारा कृष्ण की लीलाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभा यात्रा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भी निकाली गई। सनातन धर्म सभा के प्रेस सचिव सुमन पाल दत्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यात्रा में शामिल हुए लोगों को जगह जगह पर अल्पहार की व्यवस्था भी की थी। उन्होंने बताया कि 17 को मंदिर में पूरे दिन भजन कीर्तनों का दौर चलेगा।
वहीं 18 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 21 अगस्त को श्री नंदोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं 3 सिंतबर को राधा अष्टमी को 56 भोग का कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर प्रधान अजय सूद, वरिष्ठ उपप्रधान अशोक मित्तल, उपप्रधान उमेश कुठियाला, सतपाल शर्मा, सचिव विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रजनीश चोपड़ा, प्रचार मंत्री शिव कुमार वर्मा, राहुल, प्राची, विपिन, हर्ष, अंकित तिवारी, अभिकांत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।