पंजाब में विधानसभा चुनाव सिर पर है। सीमा पार से नशा और हथियार तस्करी के मामलों के कारण प्रदेश हाईअलर्ट पर है। शनिवार और रविवार को बेअदबी के दो मामलों में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि गुरुवार दोपहर लुधियाना कोर्ट में बम ब्लास्ट से सनसनी फैल गई। गुरुवार को ही दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत सिंह बैंस सहित अन्य की पेशी भी थी।
Ludhiana Blast: सीएम ने बम ब्लास्ट को बताया राष्ट्रविरोधी हरकत, कैप्टन ने कहा-विचलित करने वाली खबर
गुरुवार दोपहर लुधियाना कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर रिकॉर्ड रूम के पास एक विस्फोट हुआ। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि एक बम निरोधक दल और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए चंडीगढ़ से बुलाया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासनिक परिसर लुधियाना को पूरी तरह खाली कराया गया है। वहीं जिले के सभी सरकारी कार्यालयों की गहन जांच की जा रही है।
लुधियाना कोर्ट में धमाके के बाद पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि लुधियाना कोर्ट परिसर में विस्फोट की विचलित करने वाली खबर। 2 लोगों की मौत की खबर सुनकर दुख हुआ, घायलों के ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।
कोर्ट परिसर में हुए धमाके से उड़ा मलबा पार्किंग में खड़ी कारों पर आकर गिरा। वहीं कोर्ट परिसर की दीवारें हिल गई। लोग इधर उधर भागने लगे।