पंजाब के जालधंर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रविवार शाम छात्रों का प्रदर्शन एक बार फिर हिंसक टकराव में बदल गया। छात्रों और पुलिस के बीच बढ़े तनाव के दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां चलाईं। मौके पर मौजूद छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने लड़के-लड़कियों दोनों पर लाठियां बरसाईं।
2 of 5
पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
डीआईजी नवीन सिंगला और एसएसपी की गाड़ी क्षतिग्रस्त
पुलिस कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में छात्र और ज्यादा उग्र हो गए और पुलिस के खिलाफ आक्रोश खुलकर सामने आया। इसी दौरान पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाया गया और तोड़फोड़ शुरू हो गई। जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और एसएसपी की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कई अन्य पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हालात इतने बिगड़े कि परिसर में कई वाहनों को आग लगाए जाने की सूचना है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के दौरान मीडिया से जुड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
3 of 5
आगजनी हुई
- फोटो : अमर उजाला
शांतिपूर्ण था प्रदर्शन, लाठीचार्ज के बाद बदला माहौल
पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह बनकर सामने आया है कि छात्रों का प्रदर्शन आखिर उस स्थिति तक कैसे पहुंच गया, जहां पुलिस और छात्र आमने-सामने आ गए। छात्रों का कहना है कि वे कथित दुष्कर्म की शिकायत, छात्राओं की सुरक्षा और विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका को लेकर जवाब मांग रहे थे। उनका आरोप है कि शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इस बीच परिसर में पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
4 of 5
गाड़ियों में लगाई गई आग
- फोटो : अमर उजाला
ट्रैफिक रोका, विश्वविद्याल में तोड़फोड़
इससे पहले छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर यातायात रोक दिया था। विश्वविद्यालय परिसर में भी बड़े स्तर पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। घटनाक्रम के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कथित दुष्कर्म के आरोप की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की और जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने विशेष जांच दल गठित किए जाने की जानकारी दी है। इस दल में फगवाड़ा के एसपी मेजर सिंह, डीएसपी पालविंदर सिंह, महिला पुलिस अधिकारी और छात्र प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
5 of 5
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी
- फोटो : सोशल मीडिया
'आक्रोश खत्म नहीं होगा'
एलपीयू की ओर से सोशल मीडिया पर चल रही कई सूचनाओं को भ्रामक बताते हुए आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लेने की अपील की गई है। वहीं छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी शिकायतों और सुरक्षा से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, उनका आक्रोश खत्म नहीं होगा।