लक्सर-रुड़की मार्ग पर हादसा: कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने से हुई टक्कर, तीन सवारियों की मौत, छह घायल
दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे। अचानक दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग घायल हो गए।
विस्तार
लक्सर-रुड़की मार्ग पर रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। थिथौला गांव के समीप कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा से बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में ढंडेरा के मिलापनगर निवासी अरशद (30) और दिलशाद (32) शामिल है। तीसरे मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में घायल छह लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।