गर्मियों में यात्रियों की सहूलियतों के लिए रेलवे ने सुविधा स्पेशल ट्रेनें चला तो दीं, लेकिन लगता है कि इसे हरी झंडी दिखाने के बाद भूल गया। इन ट्रेनों में गदंगी का अंबार है, तो पानी की भी मारा-मारी है। न एसी ठीक से काम कर रहे हैं, न पंखे.. लेकिन किराया हवाई यात्रा को टक्कर दे रहे हैं...
रविवार को मुंबई जाने के लिए यात्रियों ने सुविधा स्पेशल ट्रेन का टिकट 9,885 रुपये में खरीदा, जबकि विस्तारा एयरलाइंस इसी सफर के लिए 9,737 रुपये ले रही थी।
गर्मी की छुट्टियों में कन्फर्म टिकट के लिए जूझते यात्रियों की सहूलियत के लिए चलाई जा रहीं सुविधा स्पेशल ट्रेनों का टिकट खरीदने में ही यात्रियों को पसीना छूट जा रहा है। रेलवे प्रशासन गोरखपुर से बांद्रा टर्मिनस के लिए 82910 सुविधा स्पेशल ट्रेन चला रहा है। यह ट्रेन रेलवे समय सारिणी के मुताबिक रविवार देर रात 2.05 बजे चारबाग रेलवे स्टेशन से रवाना होनी थी।
रविवार को मुंबई जाने वाले यात्रियों को जब पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर व एलटीटी एक्सप्रेस में टिकट नहीं मिले तो उन्होंने सुविधा ट्रेन का टिकट करवाया। इसकी सेकेंड एसी का टिकट 9885 रुपये में बिका। वहीं थर्ड एसी का किराया 6,340 रुपये व स्लीपर का टिकट 2,425 रुपये में यात्रियों ने खरीदा।
डायनेमिक फेयर लागू होने के कारण ही लखनऊ से मुंबई के बीच 1,687 किलोमीटर की दूरी के लिए करीब 10 हजार रुपये का टिकट यात्रियों को खरीदना पड़ा।