यूपी: लखनऊ में कर्मचारियों में दहशत फैलाने के लिए तीन गार्डों का अपहरण, फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा
लखनऊ की गीता कुंज कॉलोनी से तीन सुरक्षा गार्डों का अपहरण कर उन्हें जानकीपुरम के फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एजेंसी संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कर्मचारियों में दहशत फैलाने और पुराने विवाद का बदला लेने की साजिश सामने आई।
विस्तार
महानगर की गीता कुंज कॉलोनी में शुक्रवार रात नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक ने तीन साथियों के साथ मिलकर एक सिक्योरिटी गार्ड का अपहरण कर लिया। इसके बाद दो अन्य गार्डों को भी अगवा कर लिया। तीनों को जानकीपुरम स्थित एक फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा गया। महानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शनिवार सुबह कार सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीनों गार्डों को सकुशल मुक्त करा लिया।
गीता कुंज कॉलोनी निवासी अमर सिंह ने पुलिस को दी गई दी तहरीर में बताया कि कॉलोनी में अलीगंज के मेहंदी टोला निवासी आशीष सिंह सिक्योरिटी गार्ड हैं। शुक्रवार रात उनका कुछ पता नहीं चला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि करीब 10 बजे कार सवार चार लोग उन्हें पीटते हुए जबरन अपने साथ ले गए।
एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र उपाध्याय के मुताबिक, इंस्पेक्टर महानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फुटेज और साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की तलाश में चार टीमें लगाई गईं। शनिवार सुबह करीब 8:22 बजे पुलिस ने रामराम बैंक चौराहे के पास घेराबंदी कर कार सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
फ्लैट में मिले दो और गार्ड
पूछताछ में आरोपियों की पहचान नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के संचालक बहराइच के जरवल निवासी राहुल कुमार वर्मा, कैसरगंज निवासी दीपक वर्मा, एजेंसी के सुपरवाइजर सीतापुर के महमूदाबाद निवासी विश्वनाथ सिंह और हरगांव निवासी देशराज के रूप में हुई।
राहुल दीपक का ममेरा भाई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जानकीपुरम में आइकॉन अस्पताल के पास लक्ष्मण मंडपम स्थित फ्लैट पहुंची। वहां आशीष के अलावा सिक्योरिटी गार्ड सुरेंद्र कुमार मिश्रा और भूपेंद्र शुक्ला भी बंधक मिले। पुलिस ने तीनों को मुक्त करा लिया।
कर्मचारियों में दहशत फैलाने के लिए रची थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, राहुल की एजेंसी में पहले तेज बहादुर सिक्योरिटी गार्ड और प्रवीण कुमार सुपरवाइजर थे। 20 नवंबर को लेनदेन को लेकर दोनों का राहुल से कार्यालय और घर पर विवाद हुआ था। इसके बाद प्रवीण दूसरी सिक्योरिटी कंपनी में काम करने लगा। एडीसीपी ने बताया कि राहुल दोनों को सबक सिखाना चाहता था। साथ ही अपनी एजेंसी के कर्मचारियों में डर पैदा करने के लिए उसने साथियों के साथ अपहरण की साजिश रची। इसमें उसका साथ गिरफ्तार अन्य आरोपियों ने भी दिया।
पूर्व गार्ड और सुपरवाइजर के नहीं मिलने पर तीन गार्डों को उठाया
आरोपियों का इरादा तेज बहादुर और प्रवीण को तलाशने का था। इसी दौरान आशीष ड्यूटी करते मिल गए। आरोपियों ने आशीष को भी सबक सिखाने और तेज बहादुर व प्रवीण के बारे में पूछताछ करने के लिए मारपीट कर उन्हें अगवा कर लिया। इसके बाद उसी रात सुरेंद्र और भूपेंद्र को भी उठा लिया गया।
एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। राहुल की एजेंसी का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
