राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए। बारिश का ये सिलसिला बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार दोपहर तक जारी रहा। साथ ही मौसम विभाग ने शनिवार तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानियों ने चेतावनी जारी कर बताया कि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय दबाव के क्षेत्र के चलते पूर्वी यूपी के कई इलाकों में शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है। जबकि 12 जुलाई को कुछेक चुनिंदा इलाकों में भारी बारिश होगी।
इसके अलावा पश्चिमी यूपी के इलाकों में 12 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। उसके बाद बारिश का दौर धीमा होना शुरू हो जायेगा। इन सबके बीच बुधवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बादलों के छाये रहने के साथ धीमी तेज बारिश दिन भर जारी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक सुबह से शाम तक सबसे ज्यादा 47.4 मिमी. बारिश सुल्तानपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद पीबीओ, बस्ती, बांदा, हमीरपुर में 5 से 21 मिमी. तक बारिश दर्ज की गई।
बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते राप्ती नदी का जलस्तर भी तेजी से खतरे के निशान की तरफ बढ़ रहा है जो कि अभी मात्र 45 सेंटीमीटर नीचे हैं। यही नहीं, पहाड़ी नालों की बाढ़ भी खूब तबाही मचा रही है। जगह-जगह सड़कें कट गई हैं। लोगों का आवागमन बाधित है।
बलरामपुर के कई इलाकों में सड़कें टूट जाने से लोगों को आवागमन में मुश्किल आ रही है।
बहराइच में भीषण बारिश के चलते इंदिरा नगर के देवी पुरा सरस्वती, मोहल्ले के अलावा महाविद्यालय से शंकर पुर मार्ग पर जल भराव हो गया है। वहीं, रिसिया नगर के चन्द्रशेखर आजाद बालिका इंटर कालेज में जलभराव हो गया है। रिसिया नदी में जल स्तर बढा हुआ है।
इसके अलावा कई गांवों के रास्ते में जलभराव के चलते आवागमन में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। सीएचसी ब्लॉक में विद्युत पोल गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।