एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार ने सभी पुलिस कप्तानों को पत्र लिखकर संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। क्रिसमस मनाने को लेकर अलीगढ़ में हिंदू जागरण मंच की धमकी के बाद यह कदम उठाया गया है।
एडीजी ने बताया कि क्रिसमस के विरोध में एक पत्र संज्ञान में आया है। इसके बाद कप्तानों से कहा गया है कि किसी भी धर्म के लोगों को अपना त्योहार मनाने का संवैधानिक अधिकार है, ऐसे में अगर कोई अवरोध पैदा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संविधान में जो अधिकार दिए गए हैं, उनसे वंचित करने का कोई प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि पुलिस कप्तानों को संविधान के अनुच्छेद 25 से 28 तक का अध्ययन करने को कहा गया है। इसमें धार्मिक त्योहारों के संबंध में विस्तार से बताया गया है। सभी को अपने धर्म के अनुसार त्योहार मनाने का अधिकार है। अगर इसे रोकने की कोई कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कानून अपना काम करेगा।
सूत्रों के अनुसार, हिंदू जागरण मंच ने सभी मिशनरी स्कूलों को पत्र भेजकर क्रिसमस का त्यौहार अपने रिस्क पर मनाने की धमकी दी है। इसके बाद एडीजी कानून व्यवस्था ने अलीगढ़ एसएसपी के साथ ही अन्य जिलों में भी इस बाबत निर्देश जारी किए हैं।
हालांकि पुलिस प्रवक्ता राहुल श्रीवास्तव ने कहा, अलीगढ़ में कुछ संगठनों ने मिशनरी स्कूलों से कहा था कि यहां अधिकतर क्रिश्चियन छात्र पढ़ते हैं, इसलिए 25 दिसंबर को क्रिसमस डे पर अन्य छात्रों पर अतिरिक्त भार न डाला जाए। इसे देखते हुए एडीजी ने निर्देश दिए हैं।