लखनऊ में दबंगों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। आलम यह है कि दिनदहाड़े कार सवारों ने एक युवक को अगवा किया, फिर उसे चिनहट के कमता इलाके में कार में बंधक बनाकर पिटाई की। इतना ही नहीं दबंगई दिखाने को पिटाई का वीडियो भी बनवाया। इसे बाद में आरोपी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। सोमवार शाम वीडियो वायरल हुआ तो हजरतगंज इलाके का बताया जा रहा था। एसएसपी ने सीओ हजरतगंज के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में लगा दी।
दिनदहाड़े युवक को कार में बंधक बनाकर पीटा, वीडियो बना व्हाट्सएप स्टेट्स पर लगाया तो खुली पोल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिटाई करने वाले आरोपी शुभम सिंह को गोमतीनगर से देर रात पुलिस ने दबोच लिया। तब पता चला कि एक माह पुराना वीडियो कमता इलाके का है। वीडियो में साफ दिख रहा था कि युवक को कार में बंधक बनाकर पीटा जा रहा है। पिटाई करने वाले के साथी कार के बाहर पहरेदारी कर रहे हैं। लगातार तीन मिनट तक पिटाई करने के बाद दबंग के साथियों ने मना किया। इसके बाद युवक को कार से सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
दबंग ने पीड़ित को धमकी भी दी
पिटाई के दौरान दबंग ने युवकों को धमकी भी दी। कहा कि जहां मैं खड़ा होता हूं, वहां बोलने वाला कोई पैदा नहीं हुआ। तू मुझे बोलेगा...। लगातार गालियों के बीच बार-बार पिटाई के दौरान युवक का नाम लिया जा रहा है। कुछ देर बाद पहरेदारी कर रहे युवक राहुल ने कहा कि अब बस करो। इसके बाद कार की पिछली सीट पर पिटाई बंद कर शुभम अगली सीट पर आ गया।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज धीरेंद्र प्रताप कुशवाहा के मुताबिक शुभम दो महीने पहले बालू अड्डा के पास रहता था। उसने पुलिस को बताया कि वह मुंशीपुलिया निवासी कार चालक विपिन को पीट रहा था। वह दिल्ली में उसके परिचित राहुल की महिला मित्र की कार चलाता था।
आरोप है कि विपिन वहां से चोरी कर फरार हो गया। एक महीने पहले राहुल महिला मित्र के साथ लखनऊ पहुंचा। इसके बाद विपिन की तलाश की गई। शुभम ने उसे कमता इलाके में कार में बंधक बनाकर पीटा। वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस कैसे अपलोड हुआ, इसके बारे में शुभम नहीं बता पा रहा है। पुलिस राहुल व उसकी महिला मित्र की भी तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि मामला चिनहट थाने का है, अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई होगी।