लकी ड्रॉ में जैसे ही धोनी ने पर्ची निकालकर उमंग श्रीवास्तव का नाम माइक पर लिया। सामने सैकड़ों की संख्या में मौजूद युवाओं की भीड़ के बीच तकरीबन 14 साल का लड़का, जिसने टीम इंडिया की धोनी वाली जर्सी पहनी थी, खुशी से अपनी मुट्ठी भींचते हुए बाहर आया। यह देख माही समेत मंच में मौजूद लोगों का उस लड़के पर ध्यान गया। माही ने इशारे से उमंग को मंच पर बुलाया।
अपने ‘भगवान’ और 'मिस्टर कूल' द्वारा खुद को बुलाए जाने पर उमंग की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और वह दौड़ते हुए सीधे धोनी के पैरों पर गिर गया। यह देख मिस्टर कूल हैरत में पड़ गए और उन्होंने भावुक होते हुए उमंग को उठाकर गले से दिया। यह नजारा देख आनंदराम जयपुरिया स्कूल सैकड़ों की संख्या में आए युवाओं की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजने लगा। उधर, उमंग को तो जैसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वो अपने पसंदीदा क्रिकेटर के पास खड़ा है। धोनी ने भी अपने युवा फैन को निराश नहीं किया और उमंग के साथ खूब फोटो खिंचवाई।
कार्यक्रम की इस कड़ी में लकी ड्रॉ से सात से आठ अन्य नाम और पुकारे गए और सभी ने धोनी के पास जाकर उपहार स्वरूप मिले छोटे से बैट पर हस्ताक्षर लिया। लखनऊ में ‘स्पोर्ट्स गैलेक्सी’ बाई एमएस धोनी का शिलान्यास पर आए दिग्गज भारतीय क्रिकेटर इस स्वागत से अभीभूत दिखे।
दूसरी ओर सुबह से ही उनके इंतजार में आए सैकड़ों युवा समर्थकों का उत्साह देखते ही बना। आलम यह था कि माही के छोटे संबोधन के दौरान दर्शक पूरे समय माही-माही और धोनी-धोनी का नाम पुकारते रहे।
हालांकि, धोनी के करीब पहुंचने के लिए उन्हें अच्छे खासे पापड़ बेलने पड़े। धोनी की दीवानगी का यह रूप देखकर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को दर्शकों को माही से दूर करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।