लखनऊ के अलीगंज में नेहरू बाल वाटिका के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के गेट पर सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे तंबाकू के डिस्ट्रीब्यूटर जीवन रस्तोगी के कर्मचारी से बदमाशों ने 10.20 लाख रुपये लूट लिए। वारदात उस वक्त हुई जब कारोबारी बेटा और कर्मचारियों के साथ 17 लाख रुपये जमा कराने पहुंचा। दो बैग लिए चालक और कारोबारी का बेटा बैंक के अंदर दाखिल हो गए। पर जैसे ही तीसरी बैग लिए कर्मचारी अंदर जा रहा था कि सफेद रंग की बाइक से आए दो बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर बैग छीन लिया। महज छह सेकंड में वारदात अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
मात्र छह सेकेंड में 10.20 लाख लूटकर फरार हो गए बदमाश, पता था किस बैग में हैं ज्यादा धन
बदमाशों को पता था किस बैग में ज्यादा रकम
बदमाशों ने सबसे ज्यादा रकम वाले बैग को ही टारगेट क्यों किया, क्या उन्हें पता था कि उसी बैग में सबसे ज्यादा रकम है। बहरहाल एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि जिस तरीके से वारदात अंजाम दी गई उससे साफ है कि बदमाशों को पल-पल की खबर थी। संभव है कि कारोबारी के एजेंसी के किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो। उसने ही पुख्ता सूचना दी हो।
सवालों के घेरे में बैंक की सुरक्षा
बैंक पर गार्ड तो तैनात था पर उसके पास कोई असलहा नहीं था। अगर असलहा होता तो शायद बदमाश लूट की हिमाकत न करते।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
सुबह 10:13:46 बजे : कारोबारी का बेटा पहले बैग में रखी रकम लेकर बैंक में दाखिल होता है।
सुबह 10.13.48 बजे : चालक संजीव दूसरा बैग लेकर बैंक के अंदर जाता है।
सुबह 10.13.49 बजे : कर्मचारी विजय शंकर तीसरा बैग लेकर बैंक के गेट की तरफ बढ़ा।
सुबह 10.13.50 बजे : बदमाश ने विजय के बाएं तरफ हमला किया।
सुबह 10.13.51 बजे : विजय जमीन पर गिरा।
सुबह 10.13.52 बजे : बदमाश ने बैग छीना।
सुबह 10.13.53 सेकंड पर बदमाश भागा, गार्ड और विजय ने पीछा किया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मियों और व्यापारी से पूछताछ की।पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।