बेखौफ लुटेरों ने रविवार रात हसनगंज के शिवनगर खदरा स्थित किन्नर रूबीना के घर धावा बोल दिया। उसकी हत्या कर शव और घर को पेट्रोल डालकर फूंक डाला। जाने से पहले लाखों के गहने, नकदी और स्कूटी लेते गए।
धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आग बुझाने में दमकल की दो गाड़ियां लगीं थीं। पुलिस ने हत्या-लूट का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
एसओ हसनगंज सुरेश कुमार यादव ने बताया कि शिवनगर खदरा में अरविंद स्कूल की गली के आखिरी छोर पर किन्नर रूबीना उर्फ छोटू उर्फ उस्मान (42) का दो कमरों का घर था। देर रात उसके घर से धुआं उठता देख लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
पड़ोसी जुबेर दो-तीन लोगों को साथ लेकर माजरा समझने के लिए घर में घुसा। घर का मेनगेट, बेडरूम व ड्राइंगरूम के दरवाजे खुले पड़े थे। आंगन में तमाम सामान बिखरा पड़ा था। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों को आग बुझाने में एक घंटा लगा। बेड पर पड़ा रूबीना का शव बुरी तरह जल चुका था। सेफ खुली पड़ी थी।
पड़ताल के दौरान वजीरगंज के बांसमंडी निवासी रूबीना के भाई इब्राहीम व हामिद परिवारीजनों के साथ मौके पर पहुंचे। हामिद की पत्नी हमीदा खातून ने शॉर्टसर्किट से आग की आशंका जताते हुए तहरीर दी। इस बीच बाजार खाला के बुलाकी अड्डा के पास रहने वाली किन्नर चांदनी उर्फ आशू अपनी टोली के साथ आई। उसने हत्या करके जलाने व लूटपाट की तहरीर दी।