जंक फूड, फास्ट फूड और खाने में तेल के ज्यादा प्रयोग से आंतों के साथ ही मलाशय (रेक्टम) के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। पीजीआई के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के प्रो. अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को केजीएमयू के जनरल सर्जरी विभाग की ओर से आयोजित कांफ्रेंस के तीसरे दिन यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अगर किसी को अधिक कमजोरी महसूस होने लगे, पेट में सूजन की शिकायत रहे, पेट साफ न रहे या स्टूल में सफेद रंग या खून आने की शिकायत हो तो सतर्क हो जाएं। ये लक्षण आंतों के कैंसर के हो सकते हैं। कहा कि जैसे-जैसे खाने में जंक फूड, तेल व मसाले का अधिक सेवन बढ़ रहा है वैसे-वैसे आंतों का कैंसर भी बढ़ रहा है। पश्चिमी देशों की तरह अब यह बीमारी भारत में भी राइजिंग ट्रेंड में है।
लिवर का रखें खास ख्याल
केजीएमयू के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के पूर्व प्रो. लव कक्कड़ ने बताया तली-भुनी व मसालेदार चीजों के सेवन से लिवर में खराबी आती है। इससे पोर्टल हाइपरटेंशन का खतरा बढ़ जाता है, जिससे जान भी जा सकती है। उन्होंने बताया कि पोर्टल वेन आतों में मौजूद खून को इकट्ठा कर के लिवर तक ले जाती है।
अगर लिवर में कुछ खराबी हो या पोर्टल वेन के रास्ते में गांठ या अन्य कारणों से रुकावट आने लगती है तो पोर्टल वेन में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। इससे पेट में पानी भरने लगता है। इस नस के कारण अन्य नसों में भी प्रेशर बनने लगता है, जिससे खून की उल्टियां व स्टूल के जरिये खून आने लगता है।
अगर मरीज समय पर नहीं आता तो जान पर बन आती है। उन्होंने बताया कि यह समस्या अकसर उन मरीजों को अधिक होती है जिन्हें लिवर संबंधित समस्या होती है। लिवर ठीक रहे इसलिए तली-भुनी, फैटी, ऑयली व मसालेदार चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।