इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) लखनऊ शुक्रवार से वार्षिक बिजनेस, सांस्कृतिक व खेलकूद समारोह 'मेनफेस्ट-वर्चस्व 2017' के रंग में रंग गया।
सुबह से लेकर देर रात तक बिजनेस इवेंट में मैनेजमेंट के अच्छे-अच्छे आइडिया दिए तो डांस व शांग प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। खेल प्रतियोगिताओं में भी हाथ दिखाया तो प्रोनाइट में जमकर धमाल भी किया।
सुबह से ही परिसर में जगह-जगह विविध आयोजन शुरू हुए। कहीं भावी प्रबंधक नुक्कड़ नाटक कर विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरूआत अंतर्नाद से हुई। इसमें विभिन्न संस्थानों की टीमों ने विभिन्न मुद्दों पर स्टेज प्ले किया।
समारोह में आईआईएम-एल समेत आईआईएम अहमदाबाद, कलकत्ता, सिरमौर, एफएमएस दिल्ली, एमडीआई गुडगांव, लखनऊ विश्वविद्यालय, इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, बीबीडी, जयपुरिया, एसएमएस, एसपी जैन संस्थान की टीमें शामिल हो रही हैं।
समारोह में 'अंतर्नाद' के तहत विभिन्न संस्थानों की आठ टीमों ने स्टेज प्ले से अलग-अलग संदेश दिया। इसमें फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट रायबरेली के युवाओं की टीम मंथन ने 'गे राइट' पर आधारित प्ले प्रस्तुत किया।