पुराने लखनऊ में चल रही शूजीत सरकार निर्देशित अमिताभ बच्चन अभिनीत मूवी की शूटिंग में रजनीकांत और अमिताभ बच्चन की पुरानी दोस्ती का कलेवर भी संयोगवश नजर आ रहा है। 2018 में शहर की जिन लोकेशन पर रजनीकांत ने अपनी मूवी की शूटिंग की थी, उन्हीं लोकेशन पर इन दिनों फिल्म में मिर्जा बने अमिताभ बच्चन घूमते-फिरते शूट कर रहे हैं। आने वाले दिनों में भी रजनीकांत की शूट की गई एक-दो लोकेशन पर शूटिंग की तैयारी है।
पिछले साल रजनीकांत ने अपनी फिल्म के लिए रूमी गेट, नींबू पार्क चौराहा होते हुए एक पुराने स्कूटर पर सवार होकर घंटाघर के सामने की दुकानों से गुजरते हुए मोहल्ले में जाने के शॉट दिए थे। उसी लोकेशन पर फिल्म में मिर्जा का किरदार निभा रहे अमिताभ भी कई शूट कर चुके हैं।
इसके अलावा इमामबाड़े पर ठेले से खाने का सामान खरीदना, रूमी गेट पर टूटी चप्पल ठीक कराने के दृश्य भी फिल्मा चुके हैं। वहीं, घंटाघर, छोटा इमामबाड़ा, सतखंडा के सामने की लोकेशन पर भी शूटिंग की जा चुकी है। यूनिट क्रू सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में लालबाग और डालीगंज स्थित लल्लूमल घाट की लोकेशन पर भी शूटिंग की तैयारी है। यहां भी रजनीकांत ने अपनी फिल्म के लिए कई शूट दिए थे।
छह घंटों में बनकर तैयार होती है बिग बी की नाक
फिल्म की शूटिंग के दौरान सबसे ज्यादा चर्चित बिग बी की नाक है, जिससे बनने में करीब 6 घंटे का समय लगता है। शहर के एक होटल में ठहरी एक ऑस्ट्रेलियाई मेकअप आर्टिस्ट इसे सिलिकॉन समेत कई वस्तुओं से एक दिन पहले ही सांचे में ढालकर बनाना शुरू कर देती है।
मिर्जा के किरदार में बिग बी को लगने वाले करीब 100 मिनट से भी अधिक समय में उन्हें वो सांचे में ढलकर बनी हुई नाक पहनाई जाती है। एक शूट के बाद मेकअप के उतरते ही वो नाक बेकार हो जाती है। अगले शूट के लिए फिर नई नाक तैयार होती है।