ऑनलाइन आवेदन को बढ़ावा देने के लिए इस बार हज कमेटी ऑफ इंडिया ने फार्म की बुकलेट जारी नहीं की है।अब ऑफलाइन आवेदन के लिए www.hajcommittee.gov.in से फार्म डाउनलोड करने के बाद प्रिंट निकालकर उसे भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ कार्यालय भेजना होगा। आवेदकों की सुविधा को देखते हुए कमेटी ने मोबाइल एप भी जारी किया है। उधर, बृहस्पतिवार से ऑनलाइन फार्म भरने का सिलसिला शुरू हो गया।
राज्य हज कमेटी के सचिव विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारूप की फोटो कॉपी भी मान्य होगी। ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करने वालों को अपने दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य है। इसके बिना आवेदन निरस्त हो जाएगा। वेरिफिकेशन के लिये आवेदक को फार्म के प्रिंटआउट के साथ पासपोर्ट, बैंक अकाउंट, एड्रेस प्रूफ और फार्म की हार्ड कॉपी 17 नवंबर से पहले भेजनी होगी।
कमेटी के सहायक सचिव जावेद खान ने बताया कि फार्म के साथ बैंक खाते की कैंसल चेक, पासबुक की छायाप्रति, एक कलर फोटो सफेद बैकग्राउंड के साथ, निर्धारित प्रारूप पर घोषणा पत्र, जमा शुल्क की पे-इन स्लिप, पासपोर्ट की छाया प्रति जमा करनी होगी। पासपोर्ट जारी होने की तारीख 17 नवंबर या उससे पहले की होनी चाहिए। पासपोर्ट की वैधता 31 जनवरी 2020 तक होना और मशीन रीडेबल होना जरूरी है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
ऑनलाइन के लिए वेबसाइट पर लॉगइन कर ईमेल आईडी डालकर पासवर्ड देना होगा। इसके बाद आवेदक के ईमेल पर लॉगइन आईडी आएगी, जिससे आवेदन किया जा सकेगा। आवेदक को अपने पासपोर्ट, बैंक अकाउंट, एड्रेस प्रूफ, हलफनामा, फार्म के आगे की कॉपी स्कैन कर फार्म के साथ भेजनी होगी।
वहीं आवेदकों की सहूलियत के लिए मोबाइल पर भी आवेदन की सुविधा दी जाएगी। आवेदन गूगल प्ले स्टोर से HAJ COMMITTEE OF INDIA एप डाउनलोड करने के बाद इसमें गाइडलाइन, अप्लाई फॉर हज, इन्फॉर्मेशन और टर्म एंड कंडीशन के ऑप्शन दिखेंगे। अप्लाई फॉर हज ऑप्शन में जाने पर न्यू यूजर मिलेगा। यहां नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल रजिस्टर करना होगा। इसके बाद वन टाइम पासवर्ड मिलेगा। इसके बाद फार्म भर सकेंगे।