लखनऊ के जानकीपुरम में सोमवार देर शाम नो-एंट्री में घुसे ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई और ट्रक चालक मौके से भाग निकला। दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लोगों ने पुलिस पर लापरवाही और वसूली का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़नी। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने लोगों को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। वहीं, ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
3 of 5
हादसे से नाराज लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम मोहम्मद अशरफ के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के माधवपुर निवासी संतोष माथुर (38) राज मिस्त्री का काम करता था। वह जानकीपुरम के 60 फिटा रोड के पास किराए के मकान में रहता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संतोष देर शाम करीब 8.15 बजे बाइक से जा रहा था।
तभी अटल चौराहे के पास मुर्गा मंडी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। वह उछल कर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। सिर के ऊपर से पहिया गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग निकला।
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी, रुपये लेकर भारी वाहन छोड़ने का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फुट पड़ा। नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। लोगों का आरोप है कि भिटौली क्रॉसिंग के पास पुलिस मौजूद रहती है, लेकिन पुलिस की मिलीभगत से भारी वाहन कॉलोनी के अंदर घुस आते हैं। हंगामे की सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।