कोविड की तीसरी लहर की आशंका के बीच जम्मू संभाग के दस जिलों में सीरो सर्वे की दरकार है। कश्मीर के कई जिलों में सीरो सर्वे से आबादी में वायरस से लड़ने वाली एंटीबॉडी की क्षमता का आकलन किया जा रहा है, लेकिन जम्मू संभाग में दूसरी लहर के बाद अभी इसकी पहल नहीं की गई है। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार सीरो सर्वे तीसरी लहर की क्षमता के लिए अहम माना जा रहा है। इसमें देखा जाता है कि आबादी में वायरस से लड़ने के लिए कितनी एंटीबॉडी विकसित हुई हैं और वे भविष्य के लिए कितने तैयार हैं। जम्मू संभाग के कई जिलों में कुल संक्रमित मामलों पर 90 से ऊपर रिकवरी दर का दावा किया जा रहा है। राजधानी जिला जम्मू की बात करें तो यहां अब तक 17 लाख से अधिक कोविड सैंपल किए जा चुके हैं, जो जिले की आबादी से अधिक हैं। इसमें रैपिड 14 लाख और आरटीपीसीआर दो लाख से अधिक सैंपल हुए हैं। लेकिन संभाग के किसी भी जिले में सीरो सर्वे की पहल नहीं की गई है। केंद्र सरकार की ओर से केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों को सीरो सर्वे के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
कोविड की तीसरी लहर: जम्मू संभाग में सीरो सर्वे की दरकार, अहम है संक्रमित आबादी की एंटीबॉडी की जांच
इसका उद्देश्य जिन क्षेत्रों में सीरो सर्वे मेें संबंधित आबादी में 60-70 फीसदी एंटीबॉडी बन चुकी है तो वहां कोविड की तीसरी लहर अधिक ताकत के साथ हमला करने में सक्षम नहीं होगी, लेकिन अगर एंटीबॉडी 20-30 फीसदी है तो वहां टीकाकरण के साथ अन्य कोविड उपयुक्त उपाय करने की जरूरत होगी। ऐसे क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाकर लोगों को कोविड से अधिक सतर्क किया जाता है।
सीरो सर्वे और सीरो सर्विलांस में यह जांच की जाती है कि कितनी आबादी में किसी संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बन चुकी है। दरअसल जब भी हमारे शरीर पर कोई वायरस या बैक्टीरिया हमला करता है तो हमारा शरीर उसके खिलाफ एंटीबॉडी बनाता है, ये एंटीबॉडी एक प्रकार की प्रोटीन होती है और वायरस या बैक्टीरिया और किसी भी संक्रमण से शरीर को बचाती है।
कोरोना वायरस की बात करें तो अगर किसी इंसान के शरीर में इसकी एंटीबॉडी मिलती है तो इसका मतलब ये है कि उस व्यक्ति को अब कोरोना संक्रमण का खतरा बेहद कम है। इस एंटीबॉडी की जांच को ही सीरो सर्वे कहते हैं।
जीएमसी जम्मू प्रशासन जल्द करेगा सीरो सर्वे-वित्तीय आयुक्त
स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल डुलू ने कहा कि जम्मू संभाग के लिए जीएमसी जम्मू प्रशासन जल्द सीरो सर्वे करेगा। जीएमसी प्रशासन को इसके लिए कहा गया है। कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अब घर बैठे बनेगा लर्निंग लाइसेंस, परिवहन विभाग ने किए यह बदलाव