अमरनाथ यात्रा : खलल डालने की फिराक में आतंकी, आईईडी और स्टिकी बम इस्तेमाल कर बना सकते हैं काफिलों को निशाना
जानकारी के अनुसार कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम और पुलवामा जिले से गुजरते हाइवे पर आतंकी अपना बेस बना रहे हैं। इन क्षेत्रों में आतंकी ओजी वर्करों और स्थानीय युवाओं को अपने संपर्क में लेकर हमलों की रणनीति तैयार कर रहे हैं। आतंकी इन रूट पर यात्रियों और सुरक्षाबलों के काफिलों को निशाना बना सकते हैं। जिसमें आईईडी और स्टिकी बम इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
आतंकियों ने पहले भी इन जिलों के हाइवे और अन्य संपर्क मार्गों को हमलों के लिए इस्तेमाल किया है। दरअसल, आतंकियों की हर साजिश विफल हो रही है। पिछले तीन साल से आतंकियों की हर बड़ी साजिश नाकाम हुई है। इसमें झज्जर कोटली और नगरोटा में मारे गए आतंकी, दो बड़े आतंकी संगठनों के सरगना का पकड़े जाना, सीमा पार से आने वाले हथियारों की सप्लाई को बरामद करना और 100 से ज्यादा आतंकियों और ओजी वर्करों की धरपकड़ शामिल है।
आतंकियों को मिलने वाले फंड और हथियारों पर शिकंजा कसा गया है। इनकी मदद करने वाले नेताओं को दबोचा जा रहा है। यही कारण है कि आतंकी अपनी साजिश में नाकाम हो रहे हैं। इसकी बौखलाहट में आतंकी अब यात्रा को निशाना बनाने की साजिश कर रहे हैं।
पिछले साल यात्रा रद्द हो गई थी
बता दें कि पिछले साल कोविड 19 के चलते अमरनाथ यात्रा को रद्द कर दिया गया था, जबकि 2019 की यात्रा में कश्मीर में बड़े स्तर पर सुरक्षा ढांचा विकसित किया गया था। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को लेकर कश्मीर में कर्फ्यू लगाया गया था, जिसके चलते यात्रा मेें कोई खलल नहीं पड़ा। इस साल आतंकी संगठन यात्रा में खलल डालने का प्रयास कर सकते हैं।