जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के विंबर गली क्षेत्र में सैन्य ठिकानों की फोटो खींचते एक संदिग्ध युवक को गुुरुवार को सेना ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके मोबाइल फोन में पाकिस्तान के नंबर और कई आपत्तिजनक व भड़काऊ वीडियो मिले हैं। पकड़े गए व्यक्ति से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। उसके ओवरग्राउंड वर्कर होने का शक है। पुंछ के भाटादूड़ियां गांव में पिछले आठ दिनों से चल रही मुठभेड़ के बीच संदिग्ध के पकड़े जाने से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने बताया कि पुंछ जिले के प्रवेश द्वार पर विंबर गली में गुरुवार को एक युवक को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा गया। पता चला कि वह सैन्य प्रतिष्ठानों की फोटो खींच रहा है। उसे तत्काल सेना के जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद जमील बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन मिला। उसमें पाकिस्तान से जुड़े छह नंबर पाए गए। साथ ही 15 व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक व भड़काऊ वीडियो मिले। उसे तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
2 of 5
पुंछ में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन
- फोटो : अमर उजाला
सूत्रों ने बताया कि बालाकोट का रहने वाला यह युवक विंबर गली क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। यह इलाका भाटादूड़ियां में पिछले आठ दिनों से आतंकियों के साथ चल रही मुठभेड़ स्थल से कुछ ही किलोमीटर दूर है। सूत्रों ने बताया कि एक बार पहले भी यह युवक सुरक्षा प्रतिष्ठानों की फोटो खींचते हुए पकड़ा जा चुका है।
3 of 5
पुंछ में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन
- फोटो : अमर उजाला
पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेंढ़र उप जिले के भाटादूड़ियां में आतंकियों के खिलाफ गुरुवार को आठवें दिन भी ऑपरेशन जारी रहा। सुरक्षाबलों ने पूरे दिन घने जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दूसरी ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई।
4 of 5
पुंछ में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन
- फोटो : अमर उजाला
तलाशी अभियान के दौरान जहां सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने का शक है, वहां आग लगा दी जा रही है ताकि वे छिपे हों तो बाहर निकलें। ऑपरेशन अभी और कुछ लंबा खिंच सकता है क्योंकि वहां मौजूद नाले को भी खंगाला जाना है।
5 of 5
पुंछ में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन
- फोटो : अमर उजाला
इस बीच आसपास के गांवों में लोगों को अपने अपने घरों में ही रहने को कहा गया है। विंबर गली से सुरनकोट जाने वाले सड़क को भी बंद कर तलाशी अभियान चलाया गया। मेंढ़र से लेकर डेरा गली के जंगलों को सेना और पुलिस ने घेरा हुआ है।