मौसम साफ रहने के बावजूद राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खून जमा देने वाली सर्दी के बीच न्यूनतम माइनस 20.6 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ कारगिल में सबसे सर्द रात रही।
वहीं जम्मू में भी सामान्य से तीन डिग्री गिरकर न्यूनतम 4.3 डिग्री और श्रीनगर में दो डिग्री लुढ़क कर न्यूनतम माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात बीती।
लेह में भी न्यूनतम माइनस 16.6 रिकार्ड पारा दर्ज किया गया। वहीं जम्मू एयरपोर्ट पर दोपहर तक धुंध के कारण कई उड़ानें प्रभावित रहीं। एयर इंडिया की एक फ्लाइट को रद्द किया गया।
इसके अलावा रेल सेवा भी प्रभावित होने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।
कश्मीर के सभी हिस्सों में रात का पारा सामान्य से 2-3 डिग्री गिरकर शून्य से नीचे चल रहा है, जिस कारण ठंड से जनजीवन प्रभावित है। कई जलस्रोतों जम गए। जम्मू में बुधवार को दिनभर मौसम ने इस सीजन की ठंड का अहसास किया गया।