कुपवाड़ा में भारी बारिश के बाद नवा बाजार खुमरियाल में बाढ़ आ गई है। एक पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। उधर, किश्तवाड़ में एक बार फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसकी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है।
जल-प्रलय: कुपवाड़ा में आई बाढ़ से एक पुल क्षतिग्रस्त, किश्तवाड़ में बारिश ने रोका रेस्क्यू ऑपरेशन
आशंका जताई जा रही है कि लापता लोग नाले के जरिये चिनाब नदी में पहुंच गए होंगे। इस वजह से एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों ने रामबन इलाके में चिनाब किनारे डेरा डाला, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। टीमों ने नदी किनारे के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया, पर किसी का पता नहीं लगा।
उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह मंत्रालय लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहकर पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उप-राज्यपाल और मुख्य सचिव से पूरी स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया है।
उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वे इस प्राकृतिक आपदा के शिकार हुए और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की हर संभव कोशिश करेंगे। घटना काफी दुखद है जिसमें सात लोगों की जान चली गई। उन्होंने घायल लोगों के बेहतर इलाज की हिदायत दी।
दच्छन तहसील के क्याड़ गांव में नाले पर बना पुल बह जाने के कारण गांव का संपर्क कट गया है। बादल फटने के कारण आई बाढ़ से यहां आठ मकानों को नुकसान पहुंचा है। लगभग 50 घरों वाले क्याड़ गांव में राहत कार्य भी तेजी से नहीं हो पा रहे हैं।