भाजपा की महिला नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट की मौत के मामले में परिजनों द्वारा सनसनीखेज आरोप लगाए जा रहे हैं। पीए और उसके साथी पर दुष्कर्म, हत्या के आरोप लगने से सनसनी फैल गई है। वहीं आरोप है कि सोनाली ने अपने जीजा को बताया था कि तीन साल पहले सुधीर ने मुझे नशीला पदार्थ पिलाकर मेरे साथ दुष्कर्म किया था।
Sonali Phogat: भाई का आरोप-नशा देकर तीन साल पहले किया था दुष्कर्म, उसके बाद चलता रहा सिलसिला और अब...
गोवा पुलिस को दी गई शिकायत में फतेहाबाद जिले के गांव भूथन कलां निवासी रिंकू ने बताया कि उसकी बहन सोनाली फोगाट ने वर्ष 2019 में आदमपुर सीट पर विधायक का चुनाव लड़ा था। इसी दौरान गोहाना के पास खेड़ी निवासी सुधीर सांगवान को पीए नौकरी पर रख लिया था। सुधीर ने भिवानी निवासी सुखविंद्र श्योराण को भी अपने साथ रख लिया।
14 फरवरी 2021 में संतनगर में सोनाली के घर चोरी के बाद सभी नौकरों को हटा दिया गया। पीए सुधीर सांगवान ही सोनाली के खाने की व्यवस्था देखने लगा। तीन महीने पहले सोनाली ने फोन कर बताया कि शाम को सुधीर ने मुझे खाने में खीर दी थी, उसके बाद मेरी सेहत बिगड़ गई। इस बारे में सुधीर से बात की, तो उसने गोलमोल जवाब दिया। पीए होने के कारण लेन-देन और कागजी कार्रवाई सुधीर करता था। सोनाली बिना पढ़े कागजों पर हस्ताक्षर कर देती थी।
फार्म हाउस से लैपटॉप और जरूरी कागजात चोरी
मृत भाजपा की महिला नेता सोनाली फोगाट की बेटी ने कहा कि मां की हत्या के दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। इसके अलावा परिजनों ने सदर थाने में सोनाली फोगाट के हिसार के ढंढूर स्थित फार्म हाउस से उसका लैपटॉप व जरूरी कागजात चोरी होने की शिकायत दी है।
गोवा में नहीं थी कोई शूटिंग
आरोप है कि सोनाली ने अपने जीजा को बताया था कि मेरे दोनों फोन, घर की चाबियां, एटीएम और सभी कागजात सुधीर के पास ही हैं। सोनाली ने कहा कि सुधीर और सुखविंद्र मेरे साथ कुछ भी कर सकते हैं। उसी दिन रात को सोनाली ने मां के पास फोन कर कहा कि शरीर कमजोर पड़ता जा रहा हैं। फिर सोनाली का फोन एकदम कट गया। जब गोवा पहुंचे तो पता चला कि वहां पर कोई शूटिंग नहीं थी। सोनाली ने चंडीगढ़ रुकने का कार्यक्रम बताया था।
साजिश के तहत की गई हत्या
सोनाली के भाई वतन ढाका का कहना है कि सुधीर सांगवान और सुखविंद्र ने मिलकर उनकी हत्या की है। सुखविंद्र को गोपाल कांडा के साथ कई बार देखा गया है। राजनीतिक षड्यंत्र के तहत सोनाली की हत्या की गई है। मामले की सीबीआई से जांच करवाई जाए। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
मृतका के परिजनों की तरफ से शिकायत पर जांच कर रहे हैं। ऊपर से निर्देश आने के बाद एफआईआर दर्ज हो जाएगी। परिजन कह रहे हैं कि पहले एफआईआर दर्ज करो, उसके बाद पोस्टमार्टम करवाएंगे। सोनाली के फोन को कब्जे में लिया है। होटल के कमरे की फुटेज खंगाल रहे हैं। मृतका के पीए सुधीर सांगवान से पूछताछ की जा रही है। - इंस्पेक्टर प्रसाल देसाई, थाना प्रभारी, अंजुमा, गोवा