गहमर कोतवाली में तैनात यौन शोषण के आरोपी सिपाही मोहित यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज और निलंबित होने के बाद भी अबतक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। यहीं नहीं यूपी काॅप दर्ज प्राथमिकी भी अबतक ऑनलाइन नहीं दिख रही है।
दिलदारनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी ने गहमर कोतवाली में तैनात आरक्षी मोहित यादव पर गंभीर आरोप लगाया था। यहीं नहीं वीडियो वायरल कर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई थी। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करता है। बीते 24 अक्तूबर की देर शाम एसपी के निर्देश पर दिलदारनगर थाने में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरक्षी मोहित यादव सहित अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। यहीं नहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से आरक्षी को निलंबित भी कर दिया था। साथ ही पूरे मामले की जांच बैठा दी थी। इधर, प्राथमिकी दर्ज के दो दिन बाद भी जहां यूपी कॉप पर ऑनलाइन नहीं हो सकी है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी तो दूर अज्ञात को भी पुलिस टीम चिह्नित नहीं कर सकी है। दिलदारनगर थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर ऑनलाइन कर दी गई है। लखनऊ से तकनीकी दिक्कत होगी, जिससे नहीं दिखाई दे रहा है। अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस टीम की ओर से पूरे मामले की विवेचना जारी है।