उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में बुधवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही चटख धूप निकल गई। इस दौरान चौराहों से लेकर बाजारों व पार्कों में चहल- पहल देखने को मिली। खासतौर पर गोरखनाथ मेले में शहरवासियों की काफी भीड़ देखने को मिली। धूप खिलने के बाद लोगों ने मेले का खूब आनंद उठाया। फरवरी के पहले सप्ताह का मौसम इसी तरह रहने के आसार हैं।
2 of 5
गोरखनाथ मेले में मस्ती करते शहरवासी।
- फोटो : अमर उजाला।
बुधवार की सुबह भी पिछले कई दिनों की तरह घने कोहरे से हुई। दृश्यता शून्य के आसपास रही। इस वजह से पास की चीजें भी मुश्किल से नजर आ रहीं थीं। सड़कों पर हेड लाइट जलाने के बावजूद गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटता गया तो आकाश में सूरज चमकने लगा। इससे पिछले दिनों की तुलना में थोड़ी गर्मी महसूस की गई।
3 of 5
गोरखनाथ मेले में मस्ती करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
पांच और छह फरवरी को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 11 जनवरी से लगातार तापमान 20 डिग्री से कम बना हुआ था। इस दौरान एक दिन अधिकतम तापमान मात्र 11 डिग्री ही दर्ज किया गया था। ऐसे में शहरवासी धूप के लिए तरस गए थे।
4 of 5
गोरखनाथ मेले में सेल्फी लेते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर एनवायरमेंटल एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि कुछ दिनों तक सुबह कोहरा छाया रहेगा लेकिन दिन में आसमान कुछ हद तक साफ रहेगा। पछुआ हवा चलने की वजह से गलन बनी रहेगी। वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गोरखपुर में पांच और छह फरवरी को हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
5 of 5
गोरखनाथ मेले में मस्ती करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
गौरतलब है कि मंगलवार को शहर में करीब 20 दिन बाद अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर चढ़ सका। सूरज निकलने की वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि, सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान कम रहने से गलन महसूस हुई।