गोरखपुर शहरवासियों ने रविवार को दिन में ही रात जैसी ठंड का अहसास किया। वहीं सोमवार की सुबह गलन ने लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। वहीं रविवार दिन का तापमान सामान्य तापमान की तुलना में करीब 9 डिग्री कम रहा। इसकी वजह से पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। इस सप्ताह हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं।
Gorakhpur Weather: गोरखपुर में दिन में ही हुआ रात जैसी ठंड का अहसास, आकाश में छाई रही धुंध की चादर
रविवार को भी ठंड का सितम जारी रहा। कड़ाके की ठंड से लोग कांपते रहे। सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। विजिबिलिटी (दृश्यता) इतनी कम थी कि चालकों को गाड़ियों की लाइटें जलाकर चलनी पड़ी। तकरीबन 10 बजे तक दृश्यता कुछ बेहतर हुई लेकिन आकाश में धुंध की चादर छाई रही। इसकी वजह से पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए।
वहीं करीब 10 किलोमीटर की रफ्तार से चली बर्फीली पछुआ हवाओं ने कड़ाके की ठंड का अहसास कराया। लोग अपने अपने घरों में दुबके रहे। हालांकि गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले मेले का भी लुत्फ उठाने वालों की संख्या भी काफी ज्यादा रही। पूरा मेला परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ नजर आया। लेकिन, सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही।
रविवार को 16वें दिन रहा कोल्ड डे
रविवार को भी शीत दिवस (कोल्ड डे) रहा। अब तक इस सीजन में 16 दिन शीत दिवस के हो चुके हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी दो से तीन दिन और शीत दिवस के बने रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडे का कहना है कि 3 और 4 फरवरी को गोरखपुर एवं आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके पहले कोल्ड-डे (शीत दिवस) की स्थिति बनी रहेगी।
150 से ज्यादा जगहों पर नगर निगम जलवा रहा है अलाव
शीतलहर को देखते हुए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थलों, रेलवे एवं बस स्टेशनों तथा रैनबसेरों आदि पर अलाव की व्यवस्था की है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि महानगर में लगभग 150 स्थानों पर अलाव जलवाया जा रहा है। साथ ही साथ सभी रैनबसेरों में बेघर व्यक्तियों को रात्रिनिवास के लिए बिस्तर, कंबल आदि की भी व्यवस्था की गयी है।