तस्वीरें: यूपी के इस मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन मेले में लगती थी कोर्ट, सुलझाए जाते थे जमीन संबंधी विवाद
तामेश्वरनाथ गांव निवासी बुजुर्ग बलदेव भारती, झारखंडे भारती ने बताया कि सत्तर के दशक में तामेश्वरनाथ मेले के दौरान मंदिर के दक्षिण में स्थित बाग में एसडीएम की कोर्ट लगती थी। इसमें क्षेत्र के लोगों के राजस्व संबंधी मामलों का निपटारा किया जाता था। न्याय की उम्मीद लगाए बैठे क्षेत्रवासियों को मेले का इंतजार रहता था। आस-पास के लोग अपने मामलों को सक्षम अधिकारी के समक्ष रखते थे। जहां दी गई तारीख पर दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामलों का त्वरित निस्तारण होता था।
आज के दौर में संसाधन और तकनीक की वजह से शहरों की दूरियां सिमट गईं हैं। लोगों के पास कहीं भी आने-जाने के लिए संसाधनों की उपलब्धता पर्याप्त हो गई है। वरना करीब तीन दशक पूर्व तक तामेश्वरनाथ मेले में गरीब परिवारों की शादियों के लिए रिश्ते भी तय हुआ करते थे। इसके लिए लोगों को तामेश्वरनाथ मेले का बेसब्री से इंतजार रहता था।