नए साल के आगमन की खुशी में शहरवासी मंगलवार सुबह से देर रात तक और बुधवार पूरे दिन आनंद और उल्लास में डूबे रहे। जिसे देखो वह 2019 की विदाई और 2020 के अभिनंदन में उल्लासमय नजर आया। घड़ी की तीनों सुईयां जैसे ही 12 बजे पर पहुंचीं पूरा शहर पटाखों के धूमधड़ाके से गूंज उठा, आसमान में रॉकेट और रंगबिरंगी आतिशबाजी के नजारे देखने को मिले। पूरा शहर एकबारगी रौशनी से नहा गया। शहर के मॉल आदि दिलकश जगहों पर रात में भी गर्मजोश लोगों की महफिलें सजी रहीं। देर रात तक पार्टियों का दौर चलता रहा।
नए साल के जश्न में डूबा पूरा शहर, तस्वीरों में देखें कैसे हुई मस्ती
साल के अंतिम दिन शहर के युवाओं में नए वर्ष के आगमन का उत्साह नजर आया। रामगढ़ ताल नौका विहार, अंबेडकर पार्क, रेल म्यूजियम, सिटी मॉल, एडी मॉल, ओरियन मॉल, वीनस मॉल सहित शहर की सभी दिलकश जगहों पर युवा ही नहीं बच्चे, बुजुर्ग और परिवारों का जमघट लगा रहा। दिन में निकली गुनगुनी धूप ने खुशियों का मजा दोगुना कर दिया। नए वर्ष की मंगलकामनाओं वाले गिफ्ट, कार्ड, फूल आदि गिफ्ट आयटम की दुकानों पर देर रात तक खरीदारों की भीड़ लगी रही।
सूरज ढला तो ठंड ने अपना मिजाज दिखाना शुरू किया लेकिन सर्दी के साथ ही युवाओं की गर्मजोशी भी रात तक बढ़ती गई। गोलघर के रेस्त्रां और होटल भी नव वर्ष के आगमन की खुशियां मनाने के लिए नए ढंग से सजाए गए थे। शाम को शुरू हुई रौनक नए वर्ष के आगमन पर अपने चरम पर पहुंच गई और देर रात तक जारी रही। शहर में विभिन्न क्लब, सार्वजनिक स्थानों और निजी पार्टियों में नव वर्ष मनाने का दौर देर रात तक चलता रहा।
मस्ती में डूबा रहा गोरखपुर क्लब
शहर के होटल, क्लब और रेस्टोरेंटों में धूमधाम से नए साल के स्वागत हुआ। मस्ती में डूबे लोगों ने 12 बजते ही एक दूसरों को गले लगाकर हैप्पी न्यू ईयर की शुभकामना दीं। गोरखपुर क्लब में नए साल के स्वागत की खास तैयारियां थी। दिल्ली से आए बैंड ने धुन बिखेरी तो क्लब के सदस्यों के पांव खुद-ब-खुद थिरकने लगे। चार डीजे फ्लोर, ड्रिंक्स और म्यूजिक का सुरूर देर रात तक छाया रहा। रात 12 बजे नए साल के आगमन का जश्न भी जोरदार रहा। क्लब के सचिव पीयूष बंका ने बताया कि नए साल पर देर रात तक खुशियों की खुमारी छाई रही।
नेपाल, कुशीनगर में मनाने पहुंचे नया साल
अरकम ट्रेवल्स के इब्तिदा हुसैन ने बताया कि नए साल का जश्न मनाने के लिए शहर के कई लोग और परिवार नेपाल, पोखरा, कुशीनगर गए हैं। नए साल पर कुछ खास करने और विशेष तरह से मनाने के लिए यह लोग एक से लेकर तीन दिन तक का पैकेज पहले ही बुक करा चुके हैं। पैकेज में नए वर्ष पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का पास, मुख्य पयर्टन स्थलों की सैर, और एडवेंचर भी शामिल है।