गोरखपुर जिले में गुरुवार को 45 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल में लंबी लाइन लगी हुई है। हर सप्ताह 63 हजार लोगों को कोविड का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत माह के सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सौ से अधिक बूथों पर 16-16 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।
यूपी में कोरोना पर वार जारी: 45 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण शुरू, अस्पतालों में लगी लंबी लाइन
बाकी बचे चार दिनों में 15 हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। अप्रैल माह में दो लाख 52 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जानकारी के मुताबिक, जिले में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष केवल 65 से 70 फीसदी टीकाकरण हो सका है। मार्च माह में एक लाख 12 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। लेकिन करीब 75 हजार को ही टीका लग सका। यही वजह है कि शासन से नया दिशानिर्देश जारी किया गया है।
45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को लगेगा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि एक अप्रैल से 45 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगना शुरू हो गया है। इसके बाद से जिले में टीका लगाने का लक्ष्य बढ़ गया है। पहले जहां चार लाख 20 हजार लोगों को टीका लगाना था। अब यह संख्या सात लाख 20 हजार के आसपास हो गई है।
डॉ एनके पांडेय ने कहा कि अप्रैल माह का लक्ष्य बड़ा है। उसी अनुसार तैयारी भी शुरू हुई है। हर सप्ताह करीब 63 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों को टीकाकरण के फायदे भी बताए जा रहे हैं। जिससे वे जागरूक हो और अन्य को भी प्रेरित करें।
बता दें कि जिले में बुधवार को 19 बूथों पर 1009 लोगों ने कोविड का टीका लगवाया। लक्ष्य 1500 लोगों को टीका लगाने का था। इसमें 975 को पहली, जबकि 34 को बूस्टर डोज लगाई गई। कुल 67.2 फीसदी टीकाकरण हुआ। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि अब तक टीकाकरण को लेकर कही से कोई शिकायत नहीं मिली है। पात्र लोग टीका जरूर लगवाएं।