शानदार अभिनेता और दमदार आवाज के मालिक ओमपुरी का 6 दिसंबर (शुक्रवार) की सुबह निधन हो गया। उनकी फिल्मों के जरिए दुनिया भले ही उन्हें एक बेहतरीन अभिनेता के रूप में जानती हो लेकिन उनकी निजी जिंदगी और लव लाइफ से जुड़े किस्से भी कम रोचक नहीं है। एनएसडी के दिनों से ही उनके प्यार के दिलचस्प किस्सों की शुरुआत होती है।
अपनी लव लाइफ के बारे में एक बार उन्होंने खुद ही बड़े दिलचस्प अंदाज में पूरा किस्सा सुनाया था। आगे की स्लाइड्स में हम उन्हीं के शब्दों में उनकी प्रेम कहानियों के किस्से आपके लिए लाए हैं...
अपनी प्रेम कहानियों का किस्सा ओमपुरी नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) से शुरु करते हैं और बताते हैं कि, जब मैं एनएसडी में था, एक लड़की के साथ मेरी अच्छी दोस्ती थी और हमने साथ ही ग्रैजुएशन खत्म किया। लेकिन उसकी शादी हो गई और उस दिन मैं सच में बहुत दुखी हुआ था।
एनएसडी का ही एक बड़ा मजाकिया किस्सा ओमपुरी के क्लासमेट रहे अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने भी एक बार बताया था। ओमपुरी एक मध्यवर्गीय पंजाबी परिवार से थे, ऐसे में उनकी पढ़ाई भी पंजाबी बोर्ड से हुई थी। नसीर बताते हैं कि ओमपुरी बड़े ही रोमांटिक शख्स थे। अंग्रेजी में कच्चे ओमपुरी एनएसडी में लड़कियों को रिझाने के लिए गुलाब के फूल लाया करते थे। नसीर ने हंसते हुए ये भी कहा कि ओमपुरी कहते थे तू तो लड़कियों को अपनी अंग्रेजी से घायल कर देगा लेकिन हम जैसों को तो इन्हीं गुलाबों का सहारा है।
एनएसडी के बाद ओमपुरी मुंबई चले गए और वहीं उन्हें दूसरी बार प्यार हुआ। बात मुंबई के मेरे शुरुआती दिनों की है। एक महिला जो मुझसे उम्र में कुछ बड़ी थी, उसका दावा था कि वो मेरे प्यार में पड़ गई है। लेकिन उसने भी मुझसे शादी से इंकार कर दिया। तब मैं बहुत दुविधा में पड़ गया था। मैं एक ऐसा रिश्ता चाहता था जो उम्रभर के लिए मेरे साथ रहे। लेकिन शायद मैं भी प्यार में बहुत ईमानदार नहीं था।