औरंगाबाद थाना क्षेत्र में बीते दिनों सड़क हादसे का शिकार हुई छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत को 80 घंटे का लंबा समय बीत चुका है। पुलिस दर्जनभर वीडियो फुटेज देखकर बुलेट मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है। लेकिन, नतीजा अभी तक सिफर ही है। मामले में एसआईटी समेत पांच टीमें जुटी हैं। लेकिन, अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
80 घंटे बाद भी सुदीक्षा के आरोपी घूम रहे खुलेआम, पिता ने बयां किया दर्द, बोले- बेटी इस दुनिया से...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा के गांव डेरी स्कनर निवासी अमेरिका में पढ़ रही छात्रा सुदीक्षा भाटी की बीते सोमवार सुबह करीब 9 बजे गांव चरौरा मुस्तफाबाद के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना को 80 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की पांच टीमें औरंगाबाद में चप्पे चप्पे की खाक छानने के बाद भी किसी ठोस सुराग तक नहीं पहुंच सकी हैं। एसआईटी प्रभारी और सीओ सिटी दीक्षा सिंह का एक हमराह अपराध शाखा की टीम के साथ सिविल में पैदल तलाश करते चल रहा है। टीम हाईवे के दोनो ओर लगे सीसीटीवी कैमरों वीडियो फुटेज कब्जे लेकर जांच कर रही है। इस समय एसआईटी टीम के पास करीब दर्जनभर वीडियो फुटेज हैं। लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी नतीजे पर नही पहुंच सकी है।
वहीं, अब फिलहाल एसआईटी को दो वीडियो ऐसी मिली हैं जो घटना के पांच मिनट पहले की है तो दूसरी पांच मिनट बाद की है। घटना से पहले वीडियो में काले कलर की बुलेट पर दो लोग जाते दिख रहे हैं। जिनमें से एक युवक हेलमेट पहने हुए है, जबकि उसकी बुलेट पर करीब 45 से 50 वर्ष का अधेड़ बैठा दिख रहा है। घटना के बाद वाली वीडियो में दो नई उम्र के युवक आते दिख रहे हैं। दोनो युवक लाल रंग की टीशर्ट पहने हुए हैं। जबकि उनके मुंह पर मास्क के साथ हेलमेट भी दिखाई नहीं दे रहा है। कुल मिलाकर इस मामले में पुलिस को अभी तक ठोस सुबूत हाथ नहीं लगा है।
बुलंदशहर से स्याना तक सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
औरंगाबाद में एसआईटी टीम को जो वीडियो फुटेज मिली है। उसमें कोई भी ऐसा क्लू नहीं मिला है। जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। बृहस्पतिवार की सुबह एसआईटी टीम ने निर्णय लिया कि अब बुलंदशहर से लेकर स्याना तक हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा। इसके लिए औरंगाबाद पुलिस की एक टीम को लगाया गया है।
34 हुई बुलेट की संख्या
काले कलर की बुलेट मोटरसाइकिल की थाने पर पहुंचने की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे तक 34 बाइकें थाने पर पहुंच चुकी हैं। ग्राम प्रधानों से संपर्क करके पुलिस टीम बुलेट को थाने पर पहुंचाने की बात कह रही है।
घटनास्थल से जुटाए सुबूत, व्यापारियों से हुई पूछताछ
थाना क्षेत्र के गांव चरौरा मुस्तफाबाद स्थित घटनास्थल पर बृहस्पतिवार शाम एसपी सिटी के साथ एसआईटी प्रभारी दीक्षा सिंह अपनी टीम के साथ पहुंची। एसपी सिटी ने एसआईटी की टीम को दोबारा से पेट्रोल पंपों के साथ अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के निर्देश दिए। इससे साफ है कि पुलिस अभी तक अंधेरे में तीर चला रही है। यहां एसआईटी की टीम ने घटनास्थल से सुबूत एकत्रित किए हैं। फिर से घटनास्थल को बारीकी से देखा गया है। बाद में एसआईटी टीम गांव स्थित एक मार्केट पर पहुंची। वहां टीम ने व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। पूछताछ के बाद टीम कई व्यापारियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। सूत्रों के अनुसार पता चला है कि एसआईटी को जो वीडियो -फोटो मिले है। उनमें कई बुलेट सवार युवकों के फोटो साफ नजर नहीं आ रहे हैं। जिनको लैब में भेजने की तैयारी की जा रही है।