प्रदूषण के आंकड़ों में साफ हुई हवा: गंभीर श्रेणी के स्टेशन 19 से घटकर एक दिखे, 12 केंद्रों का डेटा ही नहीं
सात नवंबर को 59 में से 19 निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में थे। आठ नवंबर को इनकी संख्या 20 गंभीर हो गई। नौ नवंबर की सीपीसीबी की बुलेटिन में जिन 47 स्टेशनों को शामिल किया गया है, उसमें गंभीर स्टेशन की संख्या सिर्फ एक रह गई।
विस्तार
दिवाली के दूसरे दिन दिल्ली की हवा में सुधार के आंकड़े सामने आए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, रविवार के मुकाबले दिल्ली का एक्यूआई बेहतर रहा। हालांकि, जारी आंकड़ों में शहर के 59 मॉनीटरिंग स्टेशनों में से 12 के रिकॉर्ड शामिल नहीं हैं। इनमें ज्यादातर वे स्टेशन हैं, जहां पिछले तीन दिनों से हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई थी।
दरअसल, सात नवंबर को 59 में से 19 निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में थे। आठ नवंबर को इनकी संख्या 20 गंभीर हो गई। नौ नवंबर की सीपीसीबी की बुलेटिन में जिन 47 स्टेशनों को शामिल किया गया है, उसमें गंभीर स्टेशन की संख्या सिर्फ एक रह गई। मसलन, आईटीओ और पूसा की हवा तीन दिन गंभीर रही, लेकिन चौथे दिन इनकी रिपोर्ट ही नहीं मिली। यही स्थिति दूसरे स्टेशन की भी रही। सोमवार शाम 5 बजे 12 निगरानी स्टेशन ही बंद मिले। इसमें दो स्टेशन सुबह खुले थे, जिसकी हवा गंभीर श्रेणी में बनी हुई थी।
बुलेटिन के मुताबिक, 12 स्टेशनों में से उन सात निगरानी केंद्रों के आंकड़े गायब मिले, जो सात नवंबर की तारीख को गंभीर श्रेणी में थे। इसमें से चार दिवाली के दिन भी गंभीर श्रेणी में बने हुए थे। बंद स्टेशनों में आईआईटी दिल्ली, आरके पुरम, आईटीओ, पूसा, द्वारका सेक्टर-8, नजफगढ़ और जेएलएन स्टेडियम जैसे केंद्र शामिल हैं। तथ्य को और भी पुख्ता करने के लिए अमर उजाला ने सीपीसीबी के लाईव इंडेक्स को सुबह सात बजे, दोपहर 1 बजे और शाम पांच बजे, कुल तीन बार जांचा।
9 नवंबर को शाम पांच बजे राजधानी के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 47 ही संचालित थे। 12 का एक्यूआई उपलब्ध नहीं था। गायब सूची में आईटीओ भी शामिल रहा। आठ नवंबर को यह स्टेशन गंभीर (404), नौ नवंबर सुबह भी गंभीर (407), और इसी दिन दोपहर में 400 यानी गंभीर सीमा पर था, लेकिन शाम को गायब हो गया। वहीं, कॉमनवेल्थ आठ नवंबर को 402 (गंभीर) और नौ नवंबर सुबह सात बजे भी 402 (गंभीर) था। फिर दोपहर 1 बजे अचानक डेटा गायब हो गया। इसी तरह द्वारका-8 और पूसा की भी स्थिति रही। वहीं, सात नवंबर को तो आईआईटी दिल्ली (450), द्वारका-8 (409), पूसा-आईआईटीएम (408) तीनों गंभीर थे।
दिवाली पर भी चार केंद्रों की हवा गंभीर
आठ नवंबर को दिवाली के दिन 12 में से चार केंद्रों का एक्यूआई 400 के पार था। आईटीओ में 404, पूसा-आईआईटीएम में 415, द्वारका सेक्टर-8 में 407 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 402 एक्यूआई दर्ज किया गया। अगले दिन शाम पांच बजे इन चारों केंद्रों का आंकड़ा उपलब्ध नहीं था। आईटीओ और पूसा की स्थिति और भी चिंताजनक रही। आईटीओ का एक्यूआई चार नवंबर को 411, सात नवंबर को 402 और आठ नवंबर को 404 रहा। इसी तरह पूसा में इन तीन तारीखों पर क्रमश: 426, 408 और 415 एक्यूआई दर्ज हुआ। यानी लगातार तीन दिन हवा गंभीर श्रेणी में रही, लेकिन नौ नवंबर को दोनों केंद्रों की रिपोर्ट नहीं मिली।
लगातार दो दिन गंभीर रहे, तीसरे दिन आंकड़े गायब
निगरानी केंद्र 7 नवंबर 8 नवंबर 9 नवंबर
आईटीओ 402 (गंभीर) 404 (गंभीर) डेटा नहीं
पूसा (आईआईटीएम) 408 (गंभीर) 415 (गंभीर) डेटा नहीं
आईआईटी दिल्ली 450 (गंभीर) 382 डेटा नहीं
आरके पुरम 422 (गंभीर) 397 डेटा नहीं
द्वारका सेक्टर-8 409 (गंभीर) 407 (गंभीर) डेटा नहीं
नजफगढ़ 411 (गंभीर) 342 डेटा नहीं
जेएलएन स्टेडियम 406 (गंभीर) 396 डेटा नहीं
कॉमनवेल्थ 378 (गंभीर) 402 (गंभीर) डेटा नहीं
नौ नवंबर की पूरी तस्वीर
कुल बंद स्टेशनों की संख्या - 12
आईआईटी दिल्ली (450), द्वारका-8 (409), पूसा-आईआईटीएम (408) - ये तीनों 7 नवंबर को गंभीर थे और 9 नवंबर को पूरे दिन बंद रहे। यानी दिल्ली के सबसे जहरीले इलाके पूरे दिन गिनती से बाहर।
आईटीओ (सुबह 407) और कॉमनवेल्थ (सुबह 402) - दोनों नौ नवंबर की सुबह गंभीर श्रेणी में थे, लेकिन शाम तक गायब हो गए। अगर ये शाम को भी खुले होते, तो शाम की गंभीर गिनती 1 नहीं, 3 होती।
आर के पुरम (7 नवंबर को 422) - सुबह 364 तक आया, फिर दोपहर से गायब। यानी सुबह तो बहुत खराब था, लेकिन बाद में पता ही नहीं चला कि हालत क्या रही।
जेएलएन स्टेडियम (7 नवंबर को 406) - नौ नवंबर की सुबह 369, फिर दोपहर से गायब। यानी गंभीर से बहुत खराब में आया, लेकिन आगे का हाल दर्ज नहीं।
7 नवंबर को गंभीर रहे 7 स्टेशन- आईआईटी दिल्ली (450), आर के पुरम (422), नजफगढ़ (411), द्वारका-8 (409), पूसा-आईआईटीएम (408), जेएलएन (406),आईटीओ (402)
पूरे दिन बंद 5 स्टेशन - आईआईटी दिल्ली, द्वारका-8, पूसा-आईआईटीएम, नेहरू नगर, उत्तम नगर
8 नवंबर और 9 नवंबर के तीनों समय की स्थिति
स्थिति 8 नवंबर, (9 नवंबर) सुबह 7 बजे, (9 नवंबर) दोपहर 1 बजे, (9 नवंबर) शाम 5 बजे
मान्य स्टेशन 59 54 49 47
बंद स्टेशन 0 5 10 12
गंभीर (401+) 20 15 5 1
बहुत खराब 33 35 40 39
खराब 6 4 4 7