बीते शुक्रवार (14 सितंबर) को दिल्ली के डाबड़ी में सीवर साफ करने उतरे एक मजदूर की मौत के बाद से उसके बेटे की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर का इतना प्रभाव पड़ा कि पहले तो सोशल मीडिया से मजदूर अनिल के परिवार के लिए अब तक 50 लाख रुपए से ज्यादा की आर्थिक मदद आ चुकी है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस तस्वीर के बहाने पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान पर कटाक्ष किया है।
पिता के शव के पास रोते बच्चे का फोटो वायरल, राहुल गांधी ने कसा पीएम के 'स्वच्छ भारत' पर तंज
पिता के शव के सामने रोते मासूम बेटे की फोटो इस तरह वायरल हुई कि राहुल गांधी तक की नजर इस पर पड़ी और उन्होंने पीएम के स्वच्छ भारत अभियान को निशाना बनाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'अनिल की दिल्ली के सीवर में दुखद मृत्यु और उसके बेटे की रोती फोटो ने पूरे विश्व में सुर्खियां बटोरीं। हमारे पीएम स्वच्छ भारत का खोखला नारा दे रहे हैं जब हजारों मैला ढोने वाले के दुखों को लेकर उन्होंने आंख मूंद लिया है।' इस तरह राहुल ने एक ट्वीट से केजरीवाल और मोदी दोनों पर निशाना साधा।
बता दें कि बीते शुक्रवार को अनिल बिना किसी सुरक्षा उपकरण के रस्सी के सहारे सफाई के लिए सीवर में उतरा था। तभी अचानक रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया। अनिल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक शख्स की पहचान वैशाली एक्सटेंशन निवासी अनिल (27) के रूप में की गई है। अनिल की मौत के बाद उसका परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया। सोमवार को सोशल मीडिया पर अनिल के सात साल के बेटे की एक तस्वीर वायरल हो गयी जिसमें वह अपने पिता के शव के पास खड़ा रोता दिख रहा है। इस तस्वीर के वायरल होते ही बेसहारा परिवार के लिए हर ओर से मदद के लिए हाथ उठने लगे। एक अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में लाखों रुपए जुटा लिए गए। इस अभियान में फिल्मी सितारों से लेकर आम आदमी तक ने सहयोग किया। इनमें से काफी लोगों ने निजी तौर पर धनराशि दी तो कई लोगों ने क्राउड फंडिंग के जरिए मदद की। अब तक इस परिवार के लिए 50 लाख से भी ज्यादा रुपए जुटाए जा चुके हैं।
रस्सी टूटने से कीचड़ में धंसा, अस्पताल में हो गई मौतः मोती नगर में सीवर सफाई के दौरान पांच लोगों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि डाबड़ी में फिर ऐसा हादसा हो गया। दरअसल, एक युवक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के रस्सी के सहारे सफाई के लिए सीवर में उतरा था। तभी अचानक रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया। युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक सफाई कर्मी के बयान पर लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। शव की शिनाख्त वैशाली एक्सटेंशन निवासी अनिल (27) के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सात बजे सूचना मिली कि वैशाली एक्सटेंशन की गली नंबर तीन में एक युवक सफाई के दौरान सीवर में गिर गया है। पुलिस व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो भीड़ लगी थी। वहां मौजूद रमेश नामक सफाईकर्मी ने बताया कि अनिल नाम का युवक रस्सी के सहारे सफाई करने के लिए सीवर में उतरा था। तभी रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया है। दमकल कर्मियों ने तुरंत कांटा डालकर अनिल को बाहर निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।