आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 68वां जन्मदिन है। पीएम मोदी आज अपना जन्मदिन अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मनाएंगे। आज वह अपना समय बच्चों के साथ बिताएंगे साथ ही कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। जब से नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं तब से ही उनके जीवन का हर पहलू चर्चा में रहा है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर आज हम आपको रूबरू कराते हैं मोदी के हमशक्लों से। कहा जाता है कि हर इंसान का करीब 7 हमशक्ल इस पूरी धरा पर मौजूद है। लेकिन पीएम मोदी के इतने हमशक्ल सिर्फ हमारे देश भारत में ही मौजूद हैं। आपको बताते हैं उनके बारे में सबकुछ...
पीएम नरेंद्र मोदी के एक और हमशक्ल अभिनंदन पाठक सबसे ज्यादा चर्चाओं में रहे। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान वाराणसी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया से नामांकन किया था। मजेदार बात यह रही कि जब वह नामांकन करने पहुंचे थे तो लोगों ने मोदी-मोदी के नारे भी लगाए थे। यह उनके लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। उनसे मिलने रोज दर्जनों लोग आते हैं। वो बताते हैं कि लोग आते हैं, घंटों तक घर पर बैठते हैं, चाय पीते हैं, साथ में फोटो भी खिंचवाते हैं। कंधे पर उठा लेते हैं। लेकिन इस खींचतान में कई बार उनके कपड़े तक फट जाते हैं। आए दिन कपड़े सिलवाने पड़ते हैं और इससे हर महीने काफी खर्च हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक और हमशक्ल हैं केरल के रहने वाले एमपी रामचंद्रन। इनकी एक तस्वीर 2017 में इंटरनेट पर वायरल हो गई थी। इस तस्वीर में वह हूबहू पीएम मोदी जैसे दिखते हैं। 64 वर्षीय रामचंद्रन कन्नड़ फिल्म 'स्टेटमेंट 8/11' में नजर आएंगे।
नरेंद्र मोदी का एक हमशक्ल रिक्शाचालक भी है। ये लगता बिल्कुल पीएम की तरह है। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। यह तेलंगाना राज्य के अदीलाबाद जिले का ऑटो ड्राइवर है।
'भाइयों और बहनों' कहने का अंदाज वहीं, लेकिन वोट के लिए नहीं बल्कि हंसाने के मकसद से मोदी बने मनीष कुमार जांगड़ कॉमेडी सीरियल में नजर आ चुके हैं। एक निजी चैनल के पहले कॉमेडी शो ‘गैंग्स ऑफ हंसीपुर’ में मनीष कुमार ने राजनीतिक स्टाइल में लोगों को खूब हंसाया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कंडुआ में पेशे से लेक्चरार मनीष कुमार जब कुर्ता पजामा पहन और ढाड़ी लगाकर लोगों के बीच पहुंचते हैं तो देखने वाले उन्हें एक पल के लिए नरेंद्र मोदी ही समझ बैठते हैं।