दिल्ली की दो बहनों ने रक्षाबंधन के दिन यानी 15 अगस्त को अपने इकलौते भाई को राखी बांधते हुए उसकी सुरक्षा और लंबी उम्र की कामना की थी तब ये सोचा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद ही उनका संसार उजड़ जाएगा। उन्हें नहीं पता था कि उनका प्यारा भईया जिसकी रक्षा के लिए उन्होंने राखी बांधी थी उनकी बाहों में दम तोड़ देगा। जानिए क्या है पूरा मामला...
राखी के दिन ही इकलौते भाई की मौत, मांझे से गला कटने पर दोनों बहनों की बाहों में तोड़ा दम
दो बहनों के साथ स्कूटी पर मौसेरी बहन से राखी बंधवाने जा रहे सिविल इंजीनियर का गला चाइनीज मांझे से कट गया। दोनों बहनें लोगों की मदद से उसे पास के अस्पताल ले गईं, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मानव शर्मा (22) सपरिवार रोहिणी सेक्टर एक में रहता था। वह एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर था। रक्षाबंधन पर मानव ने दो बहनों से राखी बंधवाई। इसके बाद वह हरिनगर में रहने वाली मौसेरी बहन से राखी बंधवाने के लिए जाने लगा। दोनों बहनें जिद करने लगीं तो वह उन्हें भी साथ लेकर स्कूटी से हरी नगर के लिए निकला। दोपहर करीब एक बजे वह पश्चिम विहार स्थित एलिवेटेड फ्लाईओवर पर पहुंचा। तभी एक उड़ती हुई पतंग के मांझे ने उसके गले को रेत दिया।
गले में मांझा लगते ही मानव के गले से खून की तेज धार निकलने लगी। मानव रफ्तार कम कर स्कूटी को किनारे लाया, लेकिन वहां बेहोश होकर गिर गया। उसकी हालत देख दोनों बहनें बदहवास हो गईं और मदद के लिए राहगीरों से गुहार लगाने लगीं। लोग मानव को पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानव दो बहनों का इकलौता भाई था। इनके पिता अशोक शर्मा की कुछ दिन पहले ही मौत हो चुकी है। मानव ही परिवार की देखभाल कर रहा था। शुक्रवार को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
दूसरी ओर, एक अन्य मामले में डाबडी फ्लाईओवर पर स्कूटी से जा रहे बुजुर्ग ओमप्रकाश भी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए। उनका पूरा चेहरा कट गया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
17 दुकानदारों पर रिपोर्ट दर्ज
दिल्ली पुलिस ने मांझा बेचने वाले 17 दुकानदारों के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।
जिला कार्रवाई
दक्षिण पश्चिम 3
द्वारका 1
बाहरी 3
उत्तर पश्चिम 1
रोहिणी 1
दक्षिण 3
मध्य 5