नोएडा फेस-2 इलाके में दिल्ली के ट्रांसपोर्टर की बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां बरसाईं। पुलिस दो गोलियां लगने का दावा कर रही है। भाई की तहरीर पर फेस-2 थाने में दिल्ली निवासी अयूब व एक अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, भाई नईम ने बताया कि चार भाई व सात बहनों में बड़े भाई अहमद सईद (45) समेत पूरा परिवार दिल्ली के तुर्कमान गेट में रहते हैं।
नोएडा में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दिल्ली के ट्रांसपोर्टर की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रांसपोर्टर व प्रॉपर्टी डीलर सईद के तुर्कमान गेट के स्टैंड पर टैंपो चलते हैं। सईद को सुबह किसी ने फोन करके कुलेसरा के डूब क्षेत्र में उनके प्लॉट को बेचने के लिए के बहाने बुलाया था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकले थे। इसके करीब एक घंटे बाद ही परिजनों को कुलेसरा पुश्ते पर गोली मारे जाने की सूचना आ गई। घटनास्थल पर प्रत्यक्षदर्शी रहीश ने बताया कि पुश्ते के पास स्कूटी खड़ी करके वह पैदल ही कॉलोनी में जा रहे थे।
पीछे से सफेद रंग की अपाचे बाइक पर हेलमेट पहने दो लोग आए। एक बाइक पर बैठा रहा जबकि पीछे बैठा शख्स उतरा और गोलियां चला दीं। वह नीचे सड़क पर गिर गए और हमलावर बाइक पर बैठकर कुलेसरा गांव से होते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर फेस-2 थाने की पुलिस, डीएसपी अरविंद यादव व एसपी सिटी पहुंचे। पुलिस ने सईद को पास के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, ट्रांसपोर्टर सईद और आरोपी अयूब का मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाने का मामला तीस हजारी कोर्ट में चल रहा है। आरोप है कि 26 अप्रैल को तारीख पर सईद कोर्ट में थे, जहां गवाही के बाद अयूब ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इससे मामले को जोड़कर देख रही है। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली है कि रात करीब 9:30 बजे तक सईद की मोबाइल पर बात हुई है। फिर सुबह उन्हें करीब 5 बजे फोन आया। इसके बाद उन्हें 10:01 बजे प्लॉट दिखाने के लिए कॉल आई थी। पुलिस कॉल करने वाले का पता लगा रही है। वहीं, पुलिस की दो टीमें अयूब व उसके साथी को पकड़ने के लिए रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल, दोनों हत्यारोपियों का कुछ भी पता नहीं चल सका है।
दूसरी ओर सईद के साले ने उनकी भांजी से शादी कर ली थी। इसे लेकर भी घर में विवाद चल रहा था। सगी बहन, बहनोई और शादी करने वाली भांजी समेत अन्य भांजी और साला उनके खिलाफ हो गए थे। करीब तीन महीने पहले हुई इस शादी के चलते दोनों पक्षों में काफी झगड़ा चल रहा था। बुधवार को इसे लेकर कमला मार्केट में एसीपी कोर्ट में उन लोगों की पेशी भी थी। परिजनों का आरोप है कि पेशी के बाद बाहर निकलने पर दोनों पक्षों में फिर से खूब झगड़ा हुआ था। तब भी सईद को जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि यह लोग अयूब के साथ मिल गए और सईद की हत्या कराई गई है।