कानपुर: 50 लाख की मेफेड्रोन के साथ तस्कर गिरफ्तार, मुंबई तक फैला है नेटवर्क, विदेशी कनेक्शन की जांच जारी
Kanpur News: फजलगंज पुलिस ने 50 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग के साथ तस्कर रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। यह आरोपी उरई के डकोर में पकड़ी गई अवैध ड्रग फैक्टरी के लिए केमिकल और कच्चा माल सप्लाई करता था।
विस्तार
कानपुर में फजलगंज पुलिस ने 50 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग के साथ तस्कर बाबूपुरवा के आजादनगर निवासी रिजवान अहमद को गिरफ्तार कर लिया। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। इस गिरोह का सरगना मुंबई के धारावी निवासी ख्यादुद्दीन फरार है, जिसके कनेक्शन विदेश तक हैं।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि 29 अक्टूबर को जालौन के ऐरी रमपुरा गांव में डीआरआई और एटीएस की संयुक्त टीम ने छापा मारा था। इसमें गुलाब जल बनाने की आड़ में संचालित फैक्टरी को पकड़ा गया था। यहां से आरोपित महाराष्ट्र के रहने वाले संतोष आदिके उर्फ संतोष गावड़े, हमीरपुर के हेमेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
विभिन्न राज्यों में सप्लाई भी करता था ड्रग्स
वहीं, इस गिरोह के लिए तस्करी करने वाला बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा निवासी रिजवान अहमद तब से फरार चल रहा था। रिजवान इस ड्रग्स को बनाने के लिए शहर से कच्चे माल की सप्लाई कर वहां पहुंचाता था और तैयार ड्रग्स देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई भी करता था।
अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है पुलिस
उसकी तलाश में टीम तब से लगी थी। मंगलवार देर रात रिजवान को फजलगंज थाना पुलिस ने गोविंदपुरी पुल के नीचे रेलवे लाइन के किनारे से गिरफ्तार किया। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब सरगना की गिरफ्तारी और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।