प्रेमिका से शादी करने का सपना संजोकर आए एक युवक की बड़े ही शातिराना अंदाज में हत्या कर दी गई। हत्या भी उसने की जिसके बारे में उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। युवक की हत्या का आरोप प्रेमिका और उसके परिजनों पर लगा है। पढ़िए दिल दहला देने और प्यार पर से विश्वास उठा देने वाली ये पूरी खबर...
परिजन सोमवार को सेक्टर-20 कोतवाली में पहुंचे और प्रेमिका समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इटावा के कचहरी रोड निवासी अरविंद कुमार ने आरोप लगाया कि उसका बेटा अंशुल (20) अपने मामा ब्रजेश बाबू के पास दिव्यापुर गांव में रहता था। वह बीएससी का छात्र था।
ननिहाल के पास के ही गांव की एक युवती से उसका प्रेम-प्रसंग था। अंशुल ने युवती के घर जाकर उसका हाथ मांगा तो परिजनों ने घर बुलाकर उससे बातचीत की। इस दौरान उनके बेटे के खाते में रखे 2 लाख रुपये भी प्रेमिका और उसके परिवार के लोगों ने खर्च करा दिए, मगर बाद में युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर अंशुल ने प्रेमिका और उनके परिजनों को कहा कि या तो शादी करा दें नहीं तो आसपास के गांवों के लोगों की पंचायत करेंगे।
इसके बाद युवती के परिजनों ने अंशुल से कहा कि वह उसकी शादी इटावा नहीं, बल्कि नोएडा में करेंगे, इसलिए 4 सितंबर को प्रेमिका और उसके परिजन इटावा से उसे लेकर नोएडा आ गए। आरोप है कि नोएडा में प्रेमिका और परिजनों ने मिलकर अंशुल को खाने में जहर दे दिया। पीड़ित पिता ने बताया कि अंशुल ने मां को रात में फोन करके बताया था कि उसकी प्रेमिका ने मारने के लिए उसे जहर दे दिया है।
इसके बाद उसने कई बार पुलिस को सूचना देने के लिए भी 100 नंबर पर कॉल की थी, मगर पूरा जवाब नहीं मिलने के कारण पुलिस भी मौके तक नहीं पहुंच पाई थी और 7 सितंबर को अंशुल का शव सेक्टर-15 में मिला था। फोन पर अंशुल की बात सुनने के बाद वह सभी नोएडा आ गए, तो सुबह सेक्टर-20 पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।