पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक टीटीई ने दबंगई दिखाते हुए दिल्ली पुलिस के एसआई से मारपीट की। हमले में वर्दी भी फट गई। दरअसल टिकट न होने पर टीटीई ने कुछ युवकों से उनका जबरन पर्स छीन लिया था, जिसमें दस हजार व कागजात थे।
युवकों ने मामले की शिकायत पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में की, जिसके बाद एसआई संजय कुमार जांच के लिए युवकों के साथ प्लेटफॉर्म पर टीटीई को खोजते हुए पहुंचा था। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, ड्यूटी के दौरान मारपीट करने के अलावा युवकों से जबरन पर्स छीनने का अलग मामला दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। टीटीई की पहचान राधे के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अमित कुमार (22) सपरिवार गांव निर्गाजनी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वह ट्रैफिक सर्वे का काम करता है। गत शुक्रवार को वह अपने तीन दोस्तों गौरव, रवि और शिवदत्त के साथ गांव जाने के लिए द्वारका से बस में सवार हुआ।
तीनों को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से मुजफ्फरनगर जाना था। लालकिला के पास चारों बस से उतरने लगे, लेकिन इसी दौरान बस का गेट बंद हो गया। शिवदत्त नीचे उतर गया। अमित ने शिवदत्त को स्टेशन पहुंचकर टिकट ले लेने के लिए कहा। कुछ देर बाद अमित दो अन्य दोस्तों के साथ स्टेशन पहुंच गया, लेकिन वहां उन लोगों को शिवदत्त नहीं मिला।
तीनों दोस्त शिवदत्त को तलाशते हुए प्लेटफॉर्म पर चले गए। इसी दौरान एक टीटीई ने तीनों को रोका और टिकट दिखाने के लिए कहा। युवकों ने बताया कि उसके दोस्त ने टिकट ली है और तीनों उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन टीटीई उग्र हो गया और रवि की पिछली जेब से उसका पर्स निकाल लिया और धमकी देकर गौरव से पर्ची पर हस्ताक्षर करवा लिए।
पीड़ितों ने बताया कि पर्स में दस हजार रुपये और महत्वपूर्ण कागजात थे। जब युवकों ने टीटीई से पर्स मांगा तो उसने धमकी देकर तीनों को भगा दिया।