बुलंदशहर के डिबाई से भाजपा विधायक अनीता लोधी राजपूत को 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और न देने पर हत्या की धमकी मंगलवार शाम पांच बजे चौथी बार मिली।
BJP विधायक को चौथी बार मिली हत्या की धमकी, मैसेज में लिखा- जीवन के आखिरी दिनों के मजे ले लो
धमकी देने वाले ने लिखा है कि ‘आप मुंबई के नटवरलाल देसाई की हत्या को भूल गई हो, किसी व्यक्ति से जांचे कि उसकी हत्या मेरे ही लोगों ने की थी, अपने जीवन के आखिरी दिनों का आनंद लें। देसाई ने भी मेरी मांग को गंभीरता से नहीं लिया और नतीजतन वह मारा गया। उसके परिवार ने मुझे दो बार भुगतान किया।’ विधायक ने एसएसपी को इसकी जानकारी दी है। विधायक के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक को फोन कर मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वैशाली सेक्टर-7 स्थित रामप्रस्था ग्रीन सोसायटी में रहने वाली डॉ. अनीता लोधी बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा से विधायक हैं। 19 मई को व्हाट्सएप पर विधायक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद लगातार मैसेज भेजे जा रहे हैं। विधायक अनीता ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे उन्हें फिर धमकी मिली है। वह काफी डरी हुई हैं। उन्होंने अपने सारे सार्वजनिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। फिलहाल वह घर में ही रह रही हैं। एसएसपी ने उनकी सुरक्षा में दो और गनर बढ़ाए हैं। उधर, लोगों का कहना है कि जब सत्ताधारी विधायक से ही रंगदारी मांगी जा रही है तो आम जनता की सुरक्षा का क्या कहना। विपक्षी दल भी इस घटना को वर्तमान सरकार में अपराध पर अंकुश नहीं होने का परिणाम मान रहे हैं।
सुरक्षा बढ़ाकर कराई जा रही जांच: एसएसपी एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि दोबारा धमकी मिलने के बाद विधायक आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी भरे मैसेज वाले नंबर की लोकेशन और सीडीआर की जानकारी ली जा रही है। क्राइम ब्रांच के अलावा जांच में अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है। प्राथमिक जांच में नंबर अमेरिका का होने की जानकारी मिली है। विस्तृत जांच कराई जा रही है।
सीएम ने विधायक से ली जानकारी विधायक अनिता लोधी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ से सुबह 8:50 पर बात हुई थी। उन्होंने पूरे मामले की उनसे जानकारी ली। विधायक ने बताया कि सीएम ने आश्वासन दिया है कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से इस पर काम कर रहा है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।