फरीदाबाद में पुलिस की अपराध जांच शाखा बड़खल ने अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनसे कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से एक युवक ने तो कट्टे के साथ सेल्फी लेकर फेसबुक पर डाल दी थी। पुलिस ने उसकी फेसबुक प्रोफाइल खंगाली और उसका पता हासिल कर उसको दबोच लिया।
कट्टे के साथ सेल्फी, फेसबुक पर हवाबाजी, पहुंच गए हवालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें किसी ने एक युवक का फोटो भेजा, जोकि उसने कट्टे के साथ खिंचवाकर फेसबुक पर डाल रखा था। युवक की फेसबुक प्रोफाइल खंगाली गई तो उसकी पहचान पर्वतीया कॉलोनी निवासी सूरज के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उससे कट्टा भी बरामद कर लिया। क्राइम ब्रांच प्रभारी के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश से कट्टा खरीदकर लाया था और पिछले दिनों हवाबाजी के लिए कट्टे के साथ अपनी सेल्फी ली थी। इस फोटो को फेसबुक सहित अन्य सोशल साइट्स पर डाल दिया।
एक अन्य मामले में क्राइम ब्रांच बड़खल पुलिस ने एनआईटी थाना क्षेत्र से अनिल को गिरफ्तार कर उससे कट्टा बरामद किया है। इसके अलावा सेक्टर-55 क्षेत्र से विकास नाम के युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से भी कट्टा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले झगड़ा होने पर विकास के भाई विक्रम ने उसकी पिटाई कर दी थी। उसे डराने के लिए वह कट्टा लेकर आया था। 11 जून को उसने सेक्टर-55 क्षेत्र में हवाई फायर भी किया था। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।