दक्षिण-पश्चिमी जिले के वसंत कुंज इलाके में शुक्रवार की देर रात और शनिवार तड़के नशे में धुत रईसजादे की तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। शराब के नशे में कार को 150 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा की स्पीड पर दौड़ा रहे 34 साल के रईसजादे अखिलेश लोहिया ने तीन बेरीकेड्स को उड़ाने के बाद सिपाही को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी थी कि आर्मर जैसा बेरीकेड (लोहे का बुलेटप्रूफ बेरीकेड) काफी दूर जाकर गिरा था।
ड्रिंक कर के 150 की स्पीड से ड्राइव कर रहे रईसजादे ने किया सिपाही को गंभीर रूप से घायल, ये हुआ अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिपाही को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बेहद गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है। आरोपी को गिरफ्तार कर 30 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नेल्सन मंडेला मार्ग पर वसंत कुंज (नार्थ) थाने में तैनात सिपाही भूप सिंह, हवलदार किशोरी लाल व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ पिकेट लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। साउथ एक्स निवासी व्यवसायी अखिलेश लोहिया शादी में शामिल होकर छतरपुर जा रहा था।
उसने जमकर शराब पी रखी थी। बताया जा रहा है कि उसकी नई सफेद रंग की स्कोडा सुपर्व कार की स्पीड 150 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा थी। उसने पहले एक के बाद एक तीन पुलिस बेरीकेड्स को टक्कर मारी और फिर सिपाही भूप सिंह को। टक्कर मारने से पहले हवलदार किशोरी लाल ने अखिलेश को रुकने का इशारा किया था। पुलिस के मुताबिक, अखिलेश लोहिया ने इतनी शराब पी रखी थी कि वह मौके से भाग नहीं पाया। उसे वहीं पकड़ लिया गया। सिपाही भूप सिंह को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भूप सिंह की कई पसलियां टूटने के अलावा कई जगह फैक्चर हैं। शरीर व सिर पर भी गंभीर चोटें हैं। इस हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई थी। टक्कर मारने के बाद कार पलट गई थी। व्यवसायी ने कार अभी खरीदी थी। उसे अभी रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं मिला है।
कार पलटने के बावजूद नहीं आईं चोटें
व्यवसायी अखिलेश लोहिया के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने, सड़क दुर्घटना, चोट पहुंचाने, शराब पीकर गाड़ी चलाने, लाइसेंस नहीं होने और सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया था। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 30 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार पलटने के बावजूद अखिलेश लोहिया को चोटें नहीं आई हैं।