किडनैपिंग के बाद 10 साल के मासूम से कुकर्म की कोशिश फिर घोंटा गला और ईंट से कूच दिया चेहरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर आरोपी मधुबनी बिहार निवासी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर भलस्वा डेयरी के जंगल में स्थित नाले से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी के खिलाफ बच्चे को अगवा और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार 10 साल का बच्चा परिवार के साथ हैदरपुर गांव में रहता था। परिवार में बच्चे के माता-पिता के अलावा बच्चे की बड़ी बहन है।
मूलत: बिहार का रहने वाला उसका पिता एक मसाला बनाने की फैक्ट्री में काम करता है। बच्चा सरकारी स्कूल की चौथी कक्षा का छात्र था। शनिवार दोपहर बच्चा अपने घर के पास दोस्तों के साथ खेल रहा था। कुछ देर बाद बच्चे की मां ने बच्चे को आवाज लगाई। लेकिन बच्चा वहां नहीं मिला। बच्चे के साथ खेल रहे उसके दोस्तों ने बताया कि एक युवक ने उसे दस रुपये दिए थे और फिर अपने साथ ले गया है।
परिजनों ने बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। उसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत शालीमार बाग थाने में कर दी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चे के साथ खेल रहे उसके दोस्तों व घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। कैमरे में पुलिस को बच्चा एक युवक के साथ जाते हुए दिखा। आरोपी युवक की पहचान मधुबनी बिहार निवासी मनोज के रूप में हुई। पुलिस ने पहचान होने के बाद आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर भलस्वा डेयरी स्थित जंगल के पास बने नाले से बच्चे का शव बरामद कर लिया। बच्चे के सिर पर चोट के निशान थे। आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए बच्चे के सिर को पत्थर से कुचल दिया था।
पहचान होने के डर से कर दी हत्या
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि पहचान होने के डर से उसने बच्चे की हत्या कर दी। उसने बताया कि वह बच्चे को कुरकुरे देने का प्रलोभन देकर अपने साथ भलस्वा डेयरी स्थित झाड़ी में ले गया। जहां उसने बच्चे के साथ कुकर्म करने की कोशिश की। बच्चे के शोर मचाने पर वह काफी डर गया और उसे लगा कि अगर वह बच्चे को जिंदा छोड़ देगा तो वह परिजनों को सारी बात बता देगा। पकड़े जाने के डर से उसने बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर पहचान छुपाने के लिए उसका सिर कुचलकर शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मजदूरी करता है।