{"_id":"6b08d7c1f32cdf839a00f075","slug":"delhi-s-air-is-worse-than-that-of-gurugram-and-noida-2026-11-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"वायु प्रदूषण: दिल्ली की हवा गुरुग्राम-नोएडा से भी खराब, फिर गहराएगा सांसों पर संकट; घुटेगा दिल्लीवासियों का दम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वायु प्रदूषण: दिल्ली की हवा गुरुग्राम-नोएडा से भी खराब, फिर गहराएगा सांसों पर संकट; घुटेगा दिल्लीवासियों का दम
Fri, 27 Nov 2026 06:37 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 27 Nov 2026 06:37 AM IST
सार
दिल्ली में हवा की दिशा बदलने से भले ही प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
विज्ञापन
Delhi-NCR Air Pollution
- फोटो : AI
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर की हवा में इस साल पिछले वर्ष की तुलना में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन प्रदूषण के मामले में राजधानी अब भी सबसे आगे है। पीएम2.5 और पीएम10 दोनों प्रदूषकों के औसत स्तर के आधार पर दिल्ली इस साल एक अक्तूबर से 25 नवंबर के बीच एनसीआर के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर रही। खास बात यह है कि पिछले साल इसी अवधि में दिल्ली पीएम2.5 के मामले में तीसरे और पीएम10 के मामले में चौथे स्थान पर थी। एनवायरोकैटलिस्ट्स की ओर से इंडिया एयर क्वालिटी पोर्टल के आंकड़ों के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।
विज्ञापन
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल 56 दिनों के दौरान दिल्ली में पीएम2.5 का औसत स्तर 113 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, पीएम10 का औसत स्तर 221 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। दोनों ही प्रदूषकों का स्तर राष्ट्रीय मानकों से काफी अधिक है। पीएम2.5 के मामले में दिल्ली के बाद गुरुग्राम 109, नोएडा 105, गाजियाबाद 103 और मेरठ 96 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के साथ सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहे। वहीं, बागपत और ग्रेटर नोएडा में 95, पानीपत में 90, बुलंदशहर में 82 और फरीदाबाद में 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर औसत स्तर दर्ज किया गया। वहीं, पीएम10 के मामले में भी दिल्ली 221 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के साथ पहले स्थान पर रही। इसके बाद गुरुग्राम में 207, बुलंदशहर में 201, नोएडा में 200 और गाजियाबाद में 197 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
विज्ञापन
गंभीर श्रेणी में नहीं पहुंची हवा, 30 दिन रही खराब
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल एक अक्तूबर से 25 नवंबर के बीच दिल्ली में एक भी दिन हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में नहीं पहुंची। इस दौरान तीन दिन हवा संतोषजनक, 23 दिन मध्यम, 18 दिन खराब और 12 दिन बहुत खराब श्रेणी में रही। यानी कुल 30 दिन हवा खराब या बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इसकी तुलना में पिछले साल इसी अवधि में दिल्ली की हवा तीन दिन गंभीर श्रेणी में पहुंची थी। वहीं, 2024 में आठ और 2023 में 10 दिन हवा गंभीर श्रेणी में रही थी।
विज्ञापन
बारिश और पराली में कमी से मिली राहत
एनवायरोकैटलिस्ट्स के संस्थापक और प्रमुख विश्लेषक सुनील दहिया के अनुसार, इस साल पूरे एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में सुधार के पीछे अक्तूबर में हुई अच्छी बारिश और खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में कमी प्रमुख कारण रहे हैं। इससे दिल्ली तक पहुंचने वाले प्रदूषण में भी कमी आई। उन्होंने कहा कि इस सुधार को स्थायी बनाने के लिए वाहनों से निकलने वाले धुएं, सड़कों की धूल और कचरा जलाने जैसी समस्याओं पर पूरे साल काम करना होगा।
फिर गहराएगा सांसों पर संकट, घुटेगा दिल्लीवासियों का दम
दिल्ली में हवा की दिशा बदलने से भले ही प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि शनिवार को एक बार फिर से लोगों की सांसों पर संकट गहरा सकता है। ऐसे में फिजा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। दूसरी ओर, बृहस्पतिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 224 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में है।
हालांकि, बुधवार की तुलना में इसमें चार अंकों की वृद्धि आई है। हवा में प्रदूषक कणों की मौजूदगी अब भी चिंता बढ़ा रही है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार, बृहस्पतिवार को उत्तर दिशा से औसतन पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को भी हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा ही रहने का अनुमान है। इस दौरान हवा की दिशा उत्तर से उत्तर-पूर्व रहेगी।
